रेवाड़ी: इलेक्शन मोड पर आते ही मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के तेवर अफसरशाही पर सख्त होने लगे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश देते हुए आज यहां दो टूक कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों को चलता किया जाएगा। श्री खट्टर केएलपी कॉलेज रेवाडी के सभागार में रविवार को आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। मुख्यमंत्री ने आज जनता दरबार में करीब सौ परिवादियों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सिंचाई विभाग से सम्बंधित एक करोड रूपये तक की जो भी योजना लम्बित है उन्हें शीघ्र ही निपटाया जाएगा ताकि लोगों को पीने के पानी व सिचांई के लिए पानी की दिक्कत ना रहें।
पशुपालन विभाग से संबंधित एक शिकायत का निपटारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी अपनी इच्छा हैं कि प्रदेश में एक लाख से अधिक डेयरियां स्थापित की जाएं ताकि प्रदेश में दुध की कोई कमी न रहें। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों को हटवाया जाएगा ताकि कोई किसी की जमीन पर कब्जा ना कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक रास्तों व सरकारी जमीन पर जो अवैध कब्जे है उनकी निशानदेही करवाई जाएगी तथा जो अधिकारी केस को लटकाने के लिए बार-बार रिमांड करते थे अब वो प्रक्रिया बंद की जाएगी।
– शशि सैनी


Download Android App
Download iOS App



