गोहाना : दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि केंद्र सरकार पुलवामा हमले के विरूद्ध में पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब दे आज पूरा देश सरकार व सेना के साथ खड़ा है। अगर आज पाकिस्तान के विरूद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो यह शहीद परिवारों के साथ धोखा है। अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी द्वारा गोहाना में पुलवामा शहीदों की याद में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पुलवामा हमला देश की आत्मा पर हमला है। आज पूरा देश चाहता है कि पाकिस्तान को सबक सिखाया जाए ताकि अगली बार वह ऐसी हिम्मत न करे। पाकिस्तान को लगना चाहिए कि अगर वह हमारे 40 जवान शहीद करेगा तो उसके 400 जवान मारे जाएंगे। पुलवामा हमले से पूरे देश में रोष है। पूरे देश में बहुत ज्यादा गुस्सा है।
इस समय सारा देश पाकिस्तान को सबक सिखाने के मूढ में है। पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाया जाना चाहिए कि अगली बार ऐसा करने से पहले वह हजार बार सोचे। सारा देश केंद्र व सेना के साथ है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पाकिस्तान ने यह कायराना हमला किया है। यह इंसानियत के खिलाफ है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ 41 जवानों पर ही हमला नहीं है। ये पूरे देश पर हमला है। इस हमले में उतर प्रदेश के 12, राजस्थान के 5, पंजाब के 4, बिहार के 2, उत्तराखंड के 2, महाराष्ट्र के 2, उड़ीसा के 2, पश्चिम बंगाल के 2, तमिलनाडु के 2 और झारखंड, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, असम, मध्य प्रदेश व जम्मू-कश्मीर के 1-1 जवान शहीद हुए हैं।
इससे पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। सारा देश कह रहा है कि पाकिस्तान को कठोर जवाब दिया जाना चाहिए। इसके लिए पूरा देश साथ खड़ा है। इस अवसर पर बोलते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि सभी नेताओं और अफसरों को कम से कम साल में एक महीने सैनिकों के साथ बार्डर पर रहना चाहिए। जयहिंद ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह देश में शहीद सैनिकों के लिए एक नीति बनाकर एक करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान करे।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने कहा कि आज पूरा देश इस घटना से आहत है। इस अवसर पर आप विधायक सुरेंद्र कमांडो, आप नेता सुधीर यादव, कुलदीप कादयान, पंडित ओमनारायाण शर्मा, अनूप संधू, विशाल खुब्बड़, योगेश शर्मा समेत कई नेताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि भेंट की।


Download Android App
Download iOS App



