हरियाणा/गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम के घाटा गांव में झुग्गी बस्ती के बच्चों और लोगों के लिए पाठशाला चलाने के मामले में पुलिस की जांच अब दूसरे राज्यों तक पहुंच गई है। मतांतरण की कोशिश के आरोपों से जुड़े इस मामले में एनजीओ संचालक डॉ. पीटर जान मलकर और उसकी पत्नी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि पीटर की पत्नी अमेरिकी नागरिक है। ऐसे में पुलिस को शक है कि दोनों भारत से बाहर जा सकते हैं। इसके चलते सेक्टर-56 थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब पुलिस उनके पासपोर्ट और विदेश जाने से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा, सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि दोनों के देश छोड़ने की कोशिश करने पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी ने खोले कई राज
इस मामले में पुलिस ने 14 नवंबर को घाटा गांव की झुग्गी बस्ती में कार्रवाई की थी। यहां चल रही पाठशाला को लेकर मतांतरण की कोशिश किए जाने की शिकायत मिली थी। छापेमारी के दौरान 4 महिलाओं को पकड़ा गया था। उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने प्रबीन नाम के व्यक्ति की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 18 नवंबर को उसे दिल्ली के बुराड़ी इलाके से पकड़ा था। इसके बाद तीन दिन तक रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि इस मामले से जुड़ा NGO काफी समय से काम कर रहा था। प्रबीन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब NGO के संचालक और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
2014 से बस्तियों में आयोजित हो रही थीं पाठशालाएं
पूछताछ के दौरान प्रबीन ने पुलिस को बताया कि संबंधित एनजीओ की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी। इसके जरिए अलग-अलग झुग्गी बस्तियों में पाठशालाएं आयोजित की जाती थीं। पुलिस को दिल्ली के गुजरांवाला इलाके में भी इसी तरह की गतिविधियां होने की जानकारी मिली है।
प्रबीन ने पूछताछ में डॉ. पीटर जान मलकर और उसकी पत्नी का नाम भी बताया। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। पत्नी के अमेरिकी नागरिक होने की जानकारी सामने आने के बाद जांच एजेंसियों को उनके विदेश जाने की आशंका है। इसी आधार पर लुकआउट सर्कुलर जारी कराने का फैसला लिया गया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को लेकर भी जांच
पुलिस की जांच में डॉ. पीटर का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह अपने पैशन मूवमेंट NGO के बारे में जानकारी देता दिखाई दे रहा है। वीडियो में पीटर ने दावा किया था कि दिल्ली विश्वविद्यालय के करीब एक हजार छात्र उसके संगठन के साथ वालंटियर के रूप में जुड़े हैं। ये छात्र NGO के कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं।
इस दावे के बाद पुलिस ने संगठन और उससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह आशंका जताई जा रही है कि NGO का काम केवल गुरुग्राम और दिल्ली तक सीमित नहीं था। दिल्ली विश्वविद्यालय में कई राज्यों के छात्र पढ़ते हैं। ऐसे में पुलिस यह पता लगा रही है कि संगठन का किन-किन राज्यों में संपर्क था और वहां वह किस तरह की गतिविधियां चला रहा था।
छापेमारी से पहले ही निकल गए थे दोनों
बता दें, कि शिकायत करने वालों ने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर को हुई कार्रवाई वाले दिन डॉ. पीटर और उसकी पत्नी भी घाटा गांव की पाठशाला में पहुंचे थे। लेकिन, पुलिस के आने से पहले ही दोनों वहां से जा चुके थे। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
फिलहाल सेक्टर-56 थाना पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। एयरपोर्ट और अन्य संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस NGO के पुराने रिकॉर्ड, उससे जुड़े लोगों और दूसरे क्षेत्रों में चल रही उसकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: “10 मिनट में घर आ रहा हूं”, कार में जिंदा जल गया 36 साल का साहिल, मां को किया आखिरी कॉल


Download Android App
Download iOS App




