हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज पर मंगलवार शाम सेना की ट्रेनिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां हेलिकॉप्टर से यमुना नदी में उतरने के बाद स्पेशल फोर्स के जवानों वाली मोटर बोट अचानक बंद हो गई। पानी के तेज बहाव की वजह से बोट अनियंत्रित होकर बहने लगी, जिससे उस पर सवार सभी जवान यमुना में गिर पड़े। इस हादसे के बाद तुरंत शुरू किए गए बचाव अभियान में 3 जवानों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 2 जवान अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
बोट स्टार्ट न होने की वजह से बहे 5 जवान
जानकारी के मुताबिक, हथिनी कुंड बैराज पर 30 अगस्त से चल रही स्पेशल फोर्स की ट्रेनिंग का मंगलवार (2 सितंबर) को आखिरी दिन था। शाम करीब 5 बजे यमुना की अपस्ट्रीम में अभ्यास के दौरान जवान हेलिकॉप्टर से उतरकर मोटर बोट पर सवार हो रहे थे, तभी अचानक बोट स्टार्ट नहीं हुई। पानी के तेज बहाव की वजह से बोट अनियंत्रित होकर बहने लगी और सभी जवान नदी में गिर पड़े। इस हादसे में 2 जवान लापता हो गए हैं, जिनकी तलाश के लिए सेना और प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
तीन जवान 600 मीटर तैरकर सुरक्षित निकले
बताया जा रहा है कि बोट में चार से पांच जवान सवार थे, जो पानी के बहाव में बह गए। इसमें से तीन जवान पश्चिमी यमुना नहर की दिशा में तैरकर बाहर निकल गए। तीनों 600 मीटर तक तैरकर नहर के खुले गेट से बाहर निकले। वहीं, दो जवान अभी भी लापता हैं। प्रशासन लगातार उनकी तलाश कर रहा है। यमुना का पानी मटमैला होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में थोड़ी दिक्कत आ रही है।
Also Read: लखनऊ में भारी बारिश के बाद हुआ 10 फीट गहरा गड्ढा, बाइक समेत गिरा युवक


Download Android App
Download iOS App




