दिल्ली से कालका जा रही हिमालयन क्वीन ट्रेन का एक डिब्बा उसके एक पहिए के जाम हो जाने के कारण हरियाणा के पानीपत जिले में बुधवार को सुबह पटरी से उतर गया। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। जीआरपी के एक अधिकारी ने पानीपत में बताया कि हादसा भोडवाल माजरी रेलवे स्टेशन के निकट सुबह करीब सात बजे हुआ ।
ट्रेन के प्रभावित डिब्बे को अलग कर दिया गया और ट्रेन हादसे के 40 मिनट बाद घटनास्थल से रवाना हुई। अधिकारी ने कहा, ”गार्ड के डिब्बे का एक पहिया जाम हो गया जिसके कारण डिब्बा पटरी से उतर गया। यह ट्रेन का आखिरी डिब्बा था। पहिया जाम हो जाने के कारण पटरी का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। डिब्बे के पटरी से उतरने से पहले ट्रेन करीब 500 मीटर तक आगे बढ़ती रही।”
उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारण इस मार्ग पर रेल यातायात कुछ देर के लिए बाधित हो गया। एक दुर्घटना राहत ट्रेन घटनास्थल पर पहुंच गई है।
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। क्षतिग्रस्त पटरी की मरम्मत की जा रही है। दिल्ली से हरियाणा के कालका तक चलने वाली यह ट्रेन सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अम्बाला और चंडीगढ़ होते हुए जाती है।


Download Android App
Download iOS App



