In-laws attack woman in Palwal : पलवल के हथीन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खिल्लुका गांव में मायके से ससुराल लौटी एक महिला और उसके परिवार पर पति और ससुराल वालों ने लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। इस मारपीट में महिला, उसकी मां और बहन बुरी तरह घायल हो गए हैं। चीख-पुकार सुनकर जब आस-पास के लोग जुटने लगे, तो हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Palwal Woman Attack : क्या है पूरा मामला

पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, खिल्लुका गांव की रहने वाली संजीदा के ससुर का करीब चार महीने पहले निधन हो गया था। तब से संजीदा अपने बच्चों के साथ नूंह के रीठोड़ा गांव में अपने मायके रह रही थी। जब वह अपनी मां कश्मीरी और बहन अरशीदा के साथ वापस अपनी ससुराल खिल्लुका गांव पहुंची, तो घर पर ताला लगा था।
आरोप है कि परिवार के लोग पास के ही एक प्लॉट पर पहले से ही लाठी-डंडे और हथियार लेकर बैठे थे। संजीदा जैसे ही वहां पहुंची, उसके जेठ अरशद ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। संजीदा ने बचने के लिए जब हाथ आगे किया, तो उसकी उंगली पर गहरा घाव हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और उसके कपड़े फाड़ दिए। फिर उसके पति इरशाद ने लाठियों से उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
जब संजीदा को बचाने के लिए उसकी मां और बहन आगे आईं, तो ससुराल की महिलाओं (जमशीदा, असमीना, नजराना और नज्जा) ने उन्हें भी घेरकर डंडों से बहुत मारा। हमलावर संजीदा को तब तक पीटते रहे, जब तक कि वह बेहोश नहीं हो गई।
Palwal Woman Attack : घायलों को पहुंचाया अस्पताल
इसी बीच झगड़ा बढ़ते देख गांव के ही किसी व्यक्ति ने पुलिस को 112 नंबर पर फोन कर दिया। पुलिस की गाड़ी आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायल महिलाओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। संजीदा का आरोप है कि मारपीट के दौरान उन लोगों ने उसके सोने के कुंडल, बाली और मोबाइल फोन भी छीन लिए। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




