रोहतक : ट्रैफिक पुलिस ने बुलेट बाइक के पटाखों वाले 400 साइलेंसरों पर चलवाया रोडरोलर

Summary :

रोहतक पुलिस का सख्त कदम, 400 साइलेंसरों को रोडरोलर से कुचला

हरियाणा के रोहतक ट्रैफिक पुलिस ने कॉलेज के छात्रों और युवाओं को सख्त संदेश दिया है कि बुलेट बाइक पर पटाखे वाले साइलेंसर किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि इन बाइकों की वजह से मरीजों, शिक्षण संस्थाओं और आम लोगों को परेशानी होती है।

इस संदेश को देने के लिए पुलिस ने जाट कॉलेज के पास एक जगह चुनी और जिन बाइकों का चालान किया गया था, उनके साइलेंसर को रोड रोलर से कुचल दिया। पुलिस ने अब तक 400 साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलकर कड़ा संदेश दिया है।

इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज जोगेंद्र ग्रेवाल ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि यह कदम इसलिए उठाया गया, क्योंकि युवाओं द्वारा बुलेट बाइकों के साइलेंसर बदलवाकर पैसा बर्बाद किया जा रहा है। साथ ही यह वाहन अधिनियम का उल्लंघन भी है, जिसके लिए 10,500 रुपए का चालान होता है। उन्होंने कहा कि इन साइलेंसरों के कारण सड़क पर पटाखे बजने से शिक्षण संस्थानों और आम लोगों को भारी परेशानी होती है और इससे हार्ट अटैक के मरीजों को भी खतरा हो सकता है।

ग्रेवाल ने बताया कि पुलिस शहर में इस तरह की बाइकों पर कड़ी नजर रखे हुए है और इस मुहिम के बाद अब शहर में ऐसे बाइकों की संख्या काफी कम हो गई है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि इस तरह पैसे बर्बाद करने के बजाय उसे अपनी सेहत और पढ़ाई पर खर्च करें।उन्होंने कहा कि इस तरह की बाइकों से कई लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिसे देखते हुए अब इस पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया। उन्होंने कहा कि हमारे इस अभियान की वजह से काफी सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। अब बहुत ही कम लोग इस बाइक को चलाते हुए दिखते हैं। हम इस तरह के अभियान को आगे भी जारी रखेंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.