हरियाणा में किसान की हत्या पर राकेश टिकैत का आक्रोश, सरकार से न्याय की मांग

Summary :

किसान की हत्या पर टिकैत का विरोध, सरकार से न्याय की मांग

हरियाणा के पानीपत में किसान विजेंद्र की हत्या पर राकेश टिकैत ने सरकार और बिल्डरों के गठजोड़ पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने इसे किसानों के प्रति बढ़ते अत्याचार का प्रतीक बताया और सरकार से न्याय की मांग की। टिकैत ने कहा कि बिल्डर सरकार के संरक्षण में मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को अधिक एकजुट होने की अपील की।

हरियाणा के पानीपत जिले के निजामपुर गांव में किसान विजेंद्र की बिल्डर के बाउंसरों द्वारा जलाकर हत्या किए जाने की घटना से किसान आक्रोशित हैं। भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने गुरुवार को सरकार और बिल्डरों के गठजोड़ पर गंभीर सवाल खड़े किए। राकेश टिकैत ने इस हत्याकांड को किसानों के प्रति बढ़ते अत्याचार का प्रतीक बताते हुए कहा कि एक मामला संज्ञान में आया है कि बिल्डरों ने एक किसान को जलाकर मार डाला है। यह बेहद गंभीर और शर्मनाक है। बीकेयू की टीम शुक्रवार को मृतक किसान के घर जाकर परिवार से मुलाकात करेगी। टिकैत ने कहा कि वह स्वयं भी जल्द ही पानीपत जाएंगे और पीड़ित परिवार से मिलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की जमीनें हथियाने की कोशिश कर रही है और जब किसान जमीन देने से इनकार करता है, तो बिल्डर दबाव और हिंसा पर उतर आते हैं। उन्होंने कहा कि बिल्डर अपनी मनमानी कर रहे हैं क्योंकि उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है। यही कारण है कि आज किसान मारे जा रहे हैं।

सरकार से न्याय की मांग

टिकैत ने कहा कि देशभर में किसान संगठनों की भरमार हो गई है, जिनमें से कुछ संगठन सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। इससे किसानों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसान अब आंदोलन से ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है। देश में अब आंदोलन की जरूरत है। जब से किसान आंदोलन कमजोर हुए हैं, तब से किसानों की हत्याएं शुरू हो गई हैं। किसान को अब और अधिक एकजुट होना पड़ेगा।

हरियाणा: खेल मंत्री गौरव गौतम ने पलवल रैली स्थल का किया निरीक्षण

हरियाणा में कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा इस घटना पर सरकार के खिलाफ प्रेस वार्ता किए जाने पर राकेश टिकैत ने कहा कि यह जरूरी है कि पूरा विपक्ष एकजुट होकर इस मामले को उठाए। केवल प्रेस वार्ता नहीं, बल्कि दोषियों को सजा दिलाने के लिए सभी विपक्षी दलों को एक साथ आकर दबाव बनाना चाहिए।

राकेश टिकैत ने अंत में कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह मृतक किसान के परिवार को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए और बिल्डरों पर शिकंजा कसे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.