गुरुग्राम : केंद्रीय सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह के आग्रह पर गुरुग्राम-सोहना रोड पर दो नए अंडरपास मंजूर किए हैं। इनमें से एक अंडरपास वाटिका चौक पर बनेगा जबकि दूसरा अंडरपास गांव इस्लामपुर के पास हाईवे के नीचे से बनाया जाएगा। ये अंडरपास मंजूर करने पर राव नरबीर सिंह ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी का आभार जताया।
लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने दो नए अंडरपास गुरुग्राम- सोहना रोड पर मंजूर किए जाने की जानकारी यहां देते हुए बताया कि वे आज इस मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी से उनके दिल्ली स्थित मंत्रालय के कार्यालय में मिलने गए थे। इस मुलाकात में उन्होंने श्री गडकरी को बताया कि गुरुग्राम में सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) को सिग्नल फ्री बनाने के लिए वहां पर अंडरपास बनाना नितांत आवश्यक है।
उस चौक पर भारी ट्रैफिक का आवागमन है और सुभाष चौक से बादशाहपुर गांव के दूसरी पार तक एक एलिवेटेड हाईवे बनाया जा रहा है। लगभग 4.7 किलोमीटर की लंबाई में एक भी एंट्री या एग्जिट प्वाइंट नहीं है। ऐसी स्थिति में भविष्य में जब एलिवेटेड हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा तब वाटिका चौक पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहेगा तथा वहां ट्रैफिक जाम लगने की बहुत ज्यादा संभावनाएं हैं।
यह कहते हुए राव नरबीर सिंह ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी के सामने वाटिका चौक पर एक अंडरपास बनाने का प्रस्ताव रखा जोकि एसपीआर को सिग्नल फ्री बनाने में सहायक होगा। एसपीआर पर वाहन बिना रुके अंडरपास के अंदर से हाईवे के नीचे से गुजर सकेंगे। राव नरबीर सिंह की दलील सुनकर केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने इस प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दी और इसी के साथ ही वाटिका चौक पर अंडर पास बनने का रास्ता साफ हो गया।
इसी प्रकार, राव नरबीर सिंह ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी को बताया कि गुरुग्राम-सोहना रोड पर इस्लामपुर गांव के लोगों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 248 ए को पार करने के लिए राजीव चौक से लेकर सुभाष चौक तक लगभग 2 किलोमीटर की लंबाई में कोई भी व्यवस्था नहीं है।
वर्तमान में ग्रामीणों की सुविधा के लिए मीडियन में तीन कट है लेकिन जब हाईवे छह लेन का बन जाएगा और यह मीडियन बंद हो जाएंगे तब गांव इस्लामपुर वासियों तथा वहां बसे हुए अन्य लोगों को हाईवे पार करने में भारी कठिनाई आएगी ।


Download Android App
Download iOS App



