मालदीव के पूर्व उप राष्ट्रपति अहमद अदीब अब्दुल गफूर गुरुवार को समुद्री मार्ग से भारत पहुंचे। केंद्रीय एजेंसियां तूतीकोरिन के तट के निकट उनसे पूछताछ कर रही हैं। पुलिस के एक सूत्र ने इसकी जानकारी दी। जिला पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने प्रेट्र को बताया कि अदीब एक जहाज पर सवार होकर यहां पहुंचे और चूंकि उनके भारत आने की कोई सूचना नहीं थी, इसलिए वह उससे अब उतर नहीं सकते हैं।’’
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की एजेंसियों के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं । अधिकारी ने बताया कि जिला पुलिस के पास यह पता लगाने के लिए कोई जानकारी नहीं है कि क्या उनकी यात्रा को सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी हासिल थी तथा क्या जहाज को लंगर डालने की अनुमति थी।

जहाज में चालक दल के नौ सदस्य हैं। राज्य के एक शीर्ष पुलिस अधिकरी ने बताया कि अदीब को भारत की धरती पर कदम नहीं रखने दिया गया है। उन्होंने इस बारे में विस्तार से जानकारी देने से मना कर दिया। इस मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि हम रिपोर्ट की सत्यता का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. हम उनकी सरकार से संपर्क करेंगे और पता लगाएंगे कि क्या ये रिपोर्ट सच हैं?


Download Android App
Download iOS App



