विमान AN-32 में सवार वायुसेना के सभी 13 जवानों की मौत : IAF

Summary :

बुधवार को 15 पर्वतारोहियों को एमआई-17s और एडवांस लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) से लिफ्ट करके मलबे वाली जगह के नजदीक तक पहुंचाया गया।

असम के जोरहाट से उड़ान भरने के बाद लापता हुए वायुसेना के विमान एएन-32 में सवार सभी 13 जवानों की मौत हो गई है। इस बात की जानकारी खुद वायुसेना ने दी है। वायुसेना ने बताया IAF की टीमें आज सुबह AN-32 दुर्घटनास्थल पर पहुंचीं जहां उन्हें कोई जीवित नहीं मिला। 
13 कर्मियों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है कि इस दुखद घटना में कोई भी जिंदा नहीं बचा है। विमान AN-32 में जीएम चार्ल्स, एच विनोद, आर थापा, ए तंवर, एस मोहंती, एमके गर्ग, केके मिश्रा, अनूप कुमार, शेरिन, एसके सिंह, पंकज, पुताली और राजेश कुमार सवार थे। 
प्रवक्ता ने कहा कि वायुसेना अपने इन सभी 13 जाबांजों को श्रद्धांजलि देती है और दुख की इस घड़ में उनके परिजनों के साथ है। वायुसेना इनकी हर संभाव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में मंगलवार को एएन-32 विमान का मलबा मिला था। 
इसके बाद दुर्घटना स्थल पर पहुंचने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण सर्च टीम पहुंच नहीं पा रही थी। बुधवार को 15 पर्वतारोहियों को एमआई-17s और एडवांस लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) से लिफ्ट करके मलबे वाली जगह के नजदीक तक पहुंचाया गया।

Desk Team