देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों और मृतकों की संख्या में घट-बढ़ जारी है वहीं कोरोना को मात देने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से सक्रिय मामलों की दर डेढ़ फीसदी के करीब पहुंच गयी है। इस बीच देश में अब तक 41 लाख 38 हजार 918 लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार की सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 11,039 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ सात लाख 77 हजार से अधिक हो गया है। इसी दौरान 14,225 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ चार लाख 62 हजार 631 हो गयी है। वहीं सक्रिय मामले लगभग 5 हजार घटकर 1,60,057 रह गये हैं ।
इसी अवधि में 110 मरीजों की मौत हो गयी और मृतकों का आंकड़ा एक लाख 54 हजार 596 हो गया। देश में रिकवरी दर बढ़कर 97.05 प्रतिशत और सक्रिय मामलों की दर घटकर 1.52 फीसदी रह गयी है जबकि मृत्युदर अब 1.43 प्रतिशत पर आ गयी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 1368 सक्रिय मामले कम हुए और इनकी संख्या अब 44,944 रह गयी है वहीं 3289 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 19.32 लाख हो गयी है जबकि 27 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 51,109 हो गया है।
केरल में इसी दौरान 1773 सक्रिय मामले कम हुए हैं और सर्वाधिक 5215 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में सक्रिय मामले अब 69,456 रह गये हैं, वहीं कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8.59 लाख हो गया है जबकि 17 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 3760 हो गयी है। सक्रिय मामलों में केरल अभी पहले स्थान पर है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामले 96 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 1265 रह गयी है।
वहीं तीन और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 10,856 हो गया है। दिल्ली में अब तक 6.23 लाख से अधिक मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं। देश के दक्षिणी राज्य कर्नाटक में कोरोना के सक्रिय मामले 85 घटकर 5963 रह गये हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 12,220 हो गया है तथा अब तक 9.21 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। तेलंगाना में सक्रिय मामले घटकर 2022 रह गये हैं और 1602 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2.91 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले घटकर 1242 रह गये हैं।
वहीं 99 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 8.79 लाख से अधिक हो गयी है जबकि 7154 लोगों अपनी जान गंवा चुके हैं। तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4532 रह गयी है तथा अभी तक 12,363 लोगाें की मौत हुई है। राज्य में 8.21 लाख से अधिक मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं। आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 222 कम होकर 5303 रह गये हैं।
इस महामारी से 8662 लोगों की मौत हो चुकी है तथा अब तक 5.86 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। पश्चिम बंगाल में कोरोना के सक्रिय मामले कम होकर 5420 रह गये हैं और 10,179 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 5.54 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। पंजाब में सक्रिय मामले 2101 रह गये हैं तथा संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 1.65 लाख से अधिक हो गई है जबकि 5616 मरीजों की जान जा चुकी है।
मध्य प्रदेश में सक्रिय मामले 111 घटकर 2554 रह गये हैं तथा अब तक 2.48 लाख से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3812 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मामले 203 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 4124 रह गयी है। राज्य में 2.97 लाख से अधिक लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं, वहीं पांच और लोगों की इस महामारी के संक्रमण से मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 3706 हो गयी है।
गुजरात में सक्रिय मामले 3341 रह गये हैं तथा 4388 लोगों की मौत हुई है और 2.54 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। बिहार में सक्रिय मामले घटकर 851 रह गये हैं। राज्य में कोरोना से 1503 लोगों की मौत हुई है जबकि 2.57 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं।
कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 3022, राजस्थान में 2766, जम्मू-कश्मीर में 1936, ओडिशा में 1906, उत्तराखंड में 1648, असम में 1083, झारखंड में 1073, हिमाचल प्रदेश में 979, गोवा में 768, पुड्डुचेरी में 651, त्रिपुरा में 391, मणिपुर में 371, चंडीगढ़ में 334, मेघालय में 146, सिक्किम में 135, लद्दाख में 130, नागालैंड में 88, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 62, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में नौ तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।


Download Android App
Download iOS App



