मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद विधानसभा की लॉबी में एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक जितेंद्र आव्हाड और भाजपा विधायक गोपीचंद पड़लकर के बीच जोरदार झड़प हो गई। दोनों नेताओं के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिखी हाथापाई
वायरल हो रहे वीडियो में दोनों विधायक एक-दूसरे के बाल खींचते, शर्ट फाड़ते, थप्पड़ और मुक्के मारते नजर आ रहे हैं। वहीं, वहां मौजूद अन्य विधायक और सुरक्षाकर्मी दोनों को अलग करने की कोशिश करते दिखे। घटना के बाद लॉबी में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने इस झगड़े का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह मामला और तेजी से वायरल हो गया।
पुराना विवाद बना वजह?
सूत्रों के मुताबिक, विधायक जितेंद्र आव्हाड और गोपीचंद पड़लकर के बीच बीते कुछ दिनों से किसी मुद्दे को लेकर तनाव चल रहा था। बुधवार को भी विधानसभा के मुख्य गेट पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जो अब लॉबी में जाकर हाथापाई में बदल गई।
वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें
किसने की शुरुआत?
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एनसीपी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने कहा, “पूरा महाराष्ट्र जानता है कि इस लड़ाई की शुरुआत किसने की। सबसे पहले मुझ पर हमला पड़लकर के समर्थकों ने किया। मुझ पर गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी तक दी गई। अब विधानसभा में गुंडों को लाया जा रहा है, जिससे विधायकों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।” हालांकि, भाजपा की ओर से इस मामले में अब तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
विपक्ष और सत्ता पक्ष में बढ़ा तनाव
इस घटना के बाद विधानसभा में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तनाव और बढ़ गया है। विपक्षी दलों ने विधायक की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि सत्ता पक्ष इसे राजनीतिक साजिश बता रहा है। घटना को लेकर अब तक विधानसभा अध्यक्ष की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि गुरुवार को इस मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा हो सकता है।


Download Android App
Download iOS App



