नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में पहले चरण और तमिलनाडु की सभी सीटों पर गुरुवार को मतदान को लेकर मतदाताओं में विशेष उत्साह रहा। सभी पार्टियों की कोशिश रही है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक जाने के लिए प्रेरित करें। इसी बीच 99 साल की उम्र में जब एक शख्स ने मतदान किया तो पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश बताया।
पांच बार विधायक, दो बार एमजीआर कैबिनेट में स्वास्थ्य मंत्री, डॉ. बीसी रॉय पुरस्कार विजेता डॉ. एचवी हांडे की उम्र 99 साल है। उन्होंने इस उम्र में भी मतदान केंद्र जाकर वोट डाला और अपनी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कहा कि वोट देना सिर्फ एक अधिकार नहीं है, बल्कि भविष्य के प्रति हमारी एक जिम्मेदारी भी है।
डॉ. एचवी हांडे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 99 साल की उम्र में, मैंने अपने देश को अपनी आवाज पाते हुए देखा है और आज, मैंने अपनी आवाज का इस्तेमाल किया। मैंने पहली बार 1946 में, एक मेडिकल छात्र के तौर पर वोट दिया था। वोट देना सिर्फ एक अधिकार नहीं है, बल्कि यह उस भविष्य के प्रति हमारी एक जिम्मेदारी भी है, जिसे हम अपने पीछे छोड़कर जाते हैं। आपका एक वोट मायने रखता है। बाहर निकलें और मतदान करें।
डॉ. एचवी हांडे के पोस्ट पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिक्रिया दी और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पीएम मोदी ने डॉ. हांडे की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण संदेश है। मुझे उम्मीद है कि आज सबसे अधिक संख्या में युवा वोट डालकर हमारे लोकतंत्र को मजबूत करेंगे।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई। जिन 16 जिलों में पहले चरण की वोटिंग हुई, उनमें उत्तर बंगाल के कूच बिहार, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तरी दिनाजपुर, दक्षिणी दिनाजपुर व मालदा और दक्षिण बंगाल के मुर्शिदाबाद, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिमी बर्दवान और बीरभूम शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में बाकी बची 142 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा।
दूसरी तरफ, तमिलनाडु में एक ही चरण में 234 सदस्यीय विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
–आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























