मोदी ने जगन को शुभकामनाएं दी, पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया

Summary :

जगनमोहन रेड्डी को विजयवाड़ा में इंदिरा गांधी म्यूनिसिपल स्टेडियम में एक सार्वजनिक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को आंध्रप्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी को बधाई दी और उन्हें केद्र की ओर से पूर्ण सहयोग देने का भरोसा जताया। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘वाई.एस. जगन को आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर शुभकामनाएं। मैं आपको केंद्र से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देता हूं। 

हम आंध प्रदेश को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे।’ राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन ने जगनमोहन रेड्डी को विजयवाड़ा में इंदिरा गांधी म्यूनिसिपल स्टेडियम में एक सार्वजनिक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 

इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव और द्रमुक नेता एम.के.स्टालिन भी मौजूद थे। 2014 में आंध्रप्रदेश का बंटवारा होने के बाद 46 वर्षीय जगन रेड्डी राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री बने हैं। आंध्र के पहले मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू थे, जिनकी तेलुगू देशम पार्टी (तेदपा) को इस चुनाव में जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा है। 

Desk Team