महाराष्ट्र के ठाणे में कोविड पीड़ित 21 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम

Summary :

ठाणे में कोरोना से युवक की मौत, प्रशासन सतर्क

महाराष्ट्र के ठाणे में कोविड-19 से पीड़ित 21 वर्षीय युवक की मौत ने प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। युवक को मई में गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी मौत के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाते हुए संपर्क में आए लोगों की पहचान शुरू कर दी है और नागरिकों से कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

देश भर में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। इसी बीच, शनिवार को महाराष्ट्र के ठाणे में एक कोरोना संक्रमित युवक की मौत हो गई।

युवक को गत 22 मई को गंभीर हालत में इलाज के लिए कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच के बाद उसकी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी और तब से उसका इलाज जारी था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान आज युवक की मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने तुरंत हरकत में आते हुए युवक के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और नागरिकों से अपील की है कि वे कोविड से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। प्रशासन द्वारा मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ एकत्र न करने जैसी सावधानियों को फिर से लागू किया गया है।

इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने यह भी अनुरोध किया है कि यदि किसी को बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ या अन्य कोविड-19 से संबंधित लक्षण महसूस हों तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करवाएं।

उल्लेखनीय है कि कोरोना के मामलों में हाल के महीनों में कमी देखी गई थी लेकिन इन नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग को फिर से सतर्क कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम बदलने और यात्रा में वृद्धि के कारण मामलों में उछाल की आशंका बनी हुई है। इसी बीच, स्थिति को देखते हुए कई राज्य अलर्ट पर हैं। कई राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से इस संबंध में एडवाइजरी जारी करते हुए एहतियाती कदम उठाने की भी बात कही गई है।

भारत में कोविड-19 के बाद लोगों का सरकार पर भरोसा बढ़ा

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.