Aaj Ka Mausam 10 Nov: दिल्ली की हवा हुई जहरीली, उत्तराखंड में बर्फबारी, तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट

Summary :

नवंबर महीने का दूसरा सप्ताह चल रहा है और देश में ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने पुडुचेरी, केरल और तमिलनाडु में बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

नवंबर महीने का दूसरा सप्ताह चल रहा है और ठंड हल्की-हल्की बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने पुडुचेरी, केरल और तमिलनाडु में बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फ़बारी की संभावना भी है, खासकर जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड के साथ-साथ प्रदूषण का कहर भी जारी है। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।

दिल्ली में प्रदूषण का कहर

दिल्ली में तापमान लगातार गिर रहा है जिससे ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 14 नवंबर के बीच मौसम में हल्की धुंध रहेगी। ठंड के साथ ही प्रदूषण ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। आज दिल्ली का औसत AQI 307 दर्ज किया गया है।

इलाके का नाम AQI स्तर
चांदनी चौक और पूसा 395
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 380
तालकटोरा स्टेडियम 372
JNU 369
IIT दिल्ली 364
बुराड़ी क्रॉसिंग 360
पंजाबी बाग 355

उत्तराखंड में बर्फबारी

उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज (10 नवंबर) उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। फिलहाल राज्य में सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है, हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप से राहत मिली हुई है।

तमिलनाडु में बारिश

दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 10 नवंबर को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, कोमोरिन क्षेत्र के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र की वजह से दक्षिणी और तटीय तमिलनाडु के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है। जिन जिलों में बारिश का अलर्ट है, उसमें जावुर, तिरुवारूर, नागपट्टिनम, पुदुक्कोट्टई, मदुरै, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी शामिल है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।