देशभर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कुछ राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है, तो कहीं उमस भरी गर्मी सताने लगी है। इस बीच मौसम विभाग ने 19 सितंबर को यूपी, तमिलनाडु समेत कुछ राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली में मौसम करवट ले रहा है और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। हिमाचल में भी हल्की बर्फबारी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है
आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 19 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ ही तेज धूप से हल्की राहत मिल सकती है।
तमिलनाडु में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु के 11 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, वहीं नीलगिरी और कोयंबटूर जिलों में 22 सितंबर तक भारी बारिश होने का अनुमान है। जिसके चलते निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज बारिश से जलभराव और यातायात में बाधा आ सकती है। आज कृष्णगिरि, धर्मपुरी, रानीपेट, विल्लुपुरम, तिरुवन्नामलाई, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, कल्लाकुरिची और मदुरै जिलों में कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की भी संभावना है।
हिमाचल में बर्फबारी शुरू
हिमाचल में सितंबर महीने में बर्फबारी शुरू हो गई है, लाहौल-स्पीति में हल्की बर्फबारी देखने को मिल रही है और ऊंचे इलाकों में पहाड़ भी बर्फ से ढकने लगे है। बता दें कि आज मौसम विभाग के अनुसार सोलन, सिरमौर, शिमला, मंडी समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App




