सावन के महीने में जमकर बादल बरस रहे है जिससे देशभर में इस समय मौसम का मिज़ाज बदल गया है। उत्तराखंड, गुजरात और हिमाचल में भारी बारिश की वजह से जीवन अस्त-व्यस्त हो रखा है। दिल्ली में आज सुबह से बादल छाए हुए है और हल्की बारिश भी जारी है। मौसम विभाग ने 7 अगस्त तक सुहावने मौसम का अनुमान लगाया है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की वजह से भूस्खलन का डर भी बना हुआ है। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम…
दिल्ली में सुहावना हुआ मौसम
दिल्ली में आज सुबह से बादल छाए हुए है और कई जगह हल्की बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने आज 5 अगस्त को मौसम सुहावना बना रहने के साथ दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। साथ ही पूरे दिन आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 6 अगस्त को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल में येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मानसून के एक्टिव रहने की चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 5 अगस्त से 7 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश के हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई जगहों पर भारी से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। आज कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और वहीं, 6 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भी भारी बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड में भारी बारिश
उत्तराखंड में जारी भारी बारिश का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जिलों में नदियां और नाले उफान पर बह रहे हैं, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और देहरादून के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है। बारिश के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीमें अलर्ट हैं और हालात पर निगरानी रखी जा रही है।



Download Android App
Download iOS App




