नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस के राज्य सह-प्रभारी अभिषेक दत्त ने अन्य विपक्षी दलों पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि गोवा, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे राज्यों में आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ा और वहां भाजपा जीती। इसलिए भाजपा को चुनाव हराने के लिए सभी को साथ लड़ना चाहिए। अभिषेक दत्त ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जो पार्टियां भाजपा का समर्थन करने के लिए आगे आती हैं, वे जनता के सामने बेनकाब हो चुकी हैं। सिर्फ चुनाव के समय सामने आना और उसके बाद गायब हो जाना, यह सही नहीं है।”
उन्होंने कहा, “अगर आपको उत्तर प्रदेश की इतनी चिंता है तो लगातार प्रदेश में लोगों के बीच रहकर मुद्दों को उठाना चाहिए। कभी उत्तर प्रदेश, कभी बिहार और कभी मध्य प्रदेश चले जाना, वे चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन उद्देश्य क्या है? क्या उद्देश्य भाजपा को हराया है? अगर है तो साथ देना चाहिए। आप केजरीवाल वाला काम न करें। गोवा, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे राज्यों में आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ा और वहां भाजपा जीती। इसलिए भाजपा को चुनाव हराने के लिए लड़ना चाहिए, न कि उसे जिताने के लिए।”
सपा के साथ गठबंधन पर उन्होंने कहा, “मेरी और मेरे साथी सह-प्रभारियों की जिम्मेदारी सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में काम करने की है। सीटों की संख्या को लेकर पार्टी जो फैसला लेगी, उस पर हमारे वरिष्ठ नेता अखिलेश यादव के साथ चर्चा करेंगे। एक बार फैसला हो जाने के बाद, हम सभी मिलकर सभी विधानसभा क्षेत्रों में काम करेंगे। यह साफ है कि हम मिलकर बीजेपी को हराने जा रहे हैं।”
अभिषेक दत्त ने कहा, “कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच संबंध बहुत अच्छे हैं। दोनों पार्टियां साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। हमने लोकसभा चुनाव में ट्रेलर दिया, असली पिक्चर अभी बाकी है।”
कांग्रेस को जॉर्ज सोरोस की ओर से फंडिंग के आरोपों पर उन्होंने कहा, “12 साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है। उसे पता लगाना चाहिए कि किससे फंडिंग ली जा रही है। किसी ने उसे नहीं रोका है। सरकार के पास सारी एजेंसियां हैं और उन्हें इस काम में लगाकर सार्वजनिक तौर पर खुलासा करना चाहिए।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



