Ahmedabad Plane Crash: 220 DNA सैंपल मैच, 202 शव परिजनों को सौंपे गए

Summary :

202 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया

अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए 220 लोगों के डीएनए सैंपल मैच हो चुके हैं और 202 शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि शवों को पहचान कर परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में तेजी आई है। इनमें भारतीय, ब्रिटिश, पुर्तगाली और कनाडा के नागरिक शामिल हैं।

गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को विमान हादसे में मारे गए 220 लोगों का डीएनए सैंपल मैच हो गया है। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डीएनए मिलान के बारे में जानकारी साझा की है। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने एक्स पर लिखा, “शुक्रवार सुबह 11:45 बजे तक की जानकारी के अनुसार, शवों की पहचान और उन्हें उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। अब तक 220 डीएनए सैंपल का मिलान हो गया है और अब तक 220 परिवारों से डीएनए मिलान को लेकर संपर्क किया गया है, जबकि 202 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

ऋषिकेश पटेल ने आगे बताया, “202 शव परिवार को सौंपे गए हैं, जिनमें 151 भारतीय नागरिक, 34 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडा का नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा, मृतकों में नौ भारतीय ऐसे हैं जो यात्री नहीं थे। इन 202 में से 15 शवों को हवाई मार्ग से और 187 को सड़क मार्ग से एंबुलेंस के माध्यम से स्थानांतरित किया गया है।”

उन्होंने कहा कि बाकी शवों को जल्द से जल्द उनके परिजनों तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।गुरुवार सुबह गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर अहमदाबाद पुलिस, प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बधाई दी थी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “अहमदाबाद पुलिस, जिला प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बधाई, उन्होंने पीड़ितों के परिवारों को कीमती सामान लौटाने का शानदार काम किया। उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने कई लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। इन नायकों को सलाम।”

Ahmedabad Plane Crash: 210 मृतकों के DNA मैच: स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल

इससे पहले, अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने बताया था कि जो भी सामान दुर्घटनास्थल से मिला है, वह जांच के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एयर इंडिया विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित 241 लोगों की मौत हुई। हादसे में सिर्फ एक यात्री की जान बची है, जो भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.