अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले-2027 में दलित ही करेगा सत्ता से बेदखल, पीडीए की ताकत से घबराई भाजपा

Summary :

आगरा, 15 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में दलित सम्मेलन के मंच से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने दलितों को पीडीए की सबसे मजबूत ताकत बताते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में यही वर्ग भाजपा की सत्ता से विदाई सुनिश्चित करेगा। गृहमंत्री अमित शाह के अंगद के पैर वाले बयान पर पलटवार से भाषण की शुरुआत करते हुए अखिलेश ने कहा कि जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखोगे। वर्ष 2027 में भाजपा की राजनीतिक जमीन खिसकने वाली…

आगरा, 15 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में दलित सम्मेलन के मंच से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने दलितों को पीडीए की सबसे मजबूत ताकत बताते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में यही वर्ग भाजपा की सत्ता से विदाई सुनिश्चित करेगा। गृहमंत्री अमित शाह के अंगद के पैर वाले बयान पर पलटवार से भाषण की शुरुआत करते हुए अखिलेश ने कहा कि जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखोगे। वर्ष 2027 में भाजपा की राजनीतिक जमीन खिसकने वाली है।

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में दलितों को साधने के साथ ही उन राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा, जो भाजपा के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए का दलित अब अपनी ताकत पहचान चुका है। वर्ष 2027 में दलित ही भाजपा को दलेगा और उसकी विदाई करेगा। जो लोग भाजपा के साथ खड़े हैं, वे दलित समाज के हितैषी नहीं हो सकते।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि पीडीए की राजनीतिक ताकत से भाजपा घबराई हुई है। जबसे पीडीए ने भाजपा को चुनाव में चुनौती दी है, तब से उसे कमजोर करने के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से दलित समाज के साथ भेदभाव और अन्याय हो रहा है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़े भी उत्तर प्रदेश में दलितों के खिलाफ अत्याचार की गंभीर स्थिति को दर्शाते हैं।

अखिलेश ने दलित महापुरुषों और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में 200 से अधिक आंबेडकर प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त की गईं, लेकिन इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। सपा की ओर से इस संबंध में घटनाओं का विवरण जुटाकर एक पुस्तक भी प्रकाशित कराई गई है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना केवल एक मूर्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह उस संविधान पर हमला है, जिसे बाबा साहब ने देश को दिया। प्रतिमा में उनके हाथ में मौजूद संविधान की पुस्तक पर हमला करना दरअसल संवैधानिक मूल्यों और दलितों के सम्मान को चुनौती देना है। संविधान रहेगा तभी सम्मान सुरक्षित रहेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने और हमदर्दी जताने से किसी के दर्द को नहीं समझा जा सकता। अपमान और भेदभाव झेलने वाला व्यक्ति ही उसकी पीड़ा को महसूस कर सकता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सामाजिक तिरस्कार और उत्पीड़न का सामना किया है, पीडीए उनके साथ खड़ा है। जहां भी कोई पीड़ित और वंचित है, वहां पीडीए की आवाज पहुंचेगी।

अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी के 80-20 वाले राजनीतिक बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति 80-20 की बात करता है, वह सभी वर्गों के बारे में सोचने वाला नहीं हो सकता। योगी वही हो सकता है, जो 100 प्रतिशत लोगों के हित की बात करे। सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि उनकी राजनीति का आधार पीड़ितों, वंचितों और अपमान झेलने वाले लोगों को सम्मान दिलाना है।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.