बिना वीजा नेपाल भाग रहा US सिटिजन बॉर्डर पर गिरफ्तार, ग्रामीणों ने पैर में रस्सी बांधकर किया काबू

Summary :

US citizen Arrested Near Nepal Border : भारत-नेपाल बॉर्डर पर बिना वीजा के नेपाल भागने की कोशिश कर रहे एक अमेरिकी नागरिक जार्डेन ब्राउन को नेपाल बॉर्डर के पास स्थानीय लोगों की सहायता से सुरक्षा बलों ने हिरासत में लिया है। बता दें, गिरफ्तारी के दौरान बॉर्डर के पास उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब आरोपी अमेरिकी नागरिक एसएसबी जवान का हाथ छुड़ाकर भागने लगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों की मदद की। जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया। जब वह फिर भी काबू में नहीं आया और…

US citizen Arrested Near Nepal Border : भारत-नेपाल बॉर्डर पर बिना वीजा के नेपाल भागने की कोशिश कर रहे एक अमेरिकी नागरिक जार्डेन ब्राउन को नेपाल बॉर्डर के पास स्थानीय लोगों की सहायता से सुरक्षा बलों ने हिरासत में लिया है।

बता दें, गिरफ्तारी के दौरान बॉर्डर के पास उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया, जब आरोपी अमेरिकी नागरिक एसएसबी जवान का हाथ छुड़ाकर भागने लगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों की मदद की।

जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया। जब वह फिर भी काबू में नहीं आया और लोगों को धक्का देने लगा, तो ग्रामीणों ने उसके पैर में रस्सी बांधकर उसे शांत किया। इसके बाद उसे चेक पोस्ट ले जाया गया। सुरक्षा एजेंसियों की लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

नहीं मिला कोई आईडी प्रूफ

US Citizen Arrested
US Citizen Arrested

शनिवार को एसएसबी की 22वीं वाहिनी के जवान जब गश्त पर थे, तभी सोनौली कोतवाली क्षेत्र के पिलर नंबर 516 के पास इस विदेशी नागरिक को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 31,460 रुपये कैश और दो मोबाइल फोन मिले, लेकिन नाम या नागरिकता साबित करने वाला कोई भी लीगल दस्तावेज नहीं मिला।

वह लगातार अपने बयान बदल रहा था, जिससे एजेंसियों का शक गहरा गया। भागने की कोशिश के बाद मौके पर इंटेलिजेंस ब्यूरो और रॉ के बड़े अधिकारी पहुंचे और रात 12 बजे तक उससे कड़ाई से पूछताछ की गई।

अमेरिकी नेवी में काम करने का दावा

पूछताछ में उसने बताया कि वह कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से पढ़ा है और अमेरिकी नौसेना में करीब छह साल तक नौकरी कर चुका है, जिसे उसने दो साल पहले छोड़ दिया था। भारत आने से पहले वह मई में बाली गया था। उसने कुबूल किया कि वह बेंगलुरु से बस पकड़कर लखनऊ और फिर गोरखपुर पहुंचा। वहां से टैक्सी लेकर सोनौली बॉर्डर आया और पगडंडी के रास्ते चुपके से नेपाल में घुसने की फिराक में था।

यह भी पढ़ें – महाराष्ट्र में लोकायुक्त ने राज्यपाल को सौंपी 2025 की वार्षिक रिपोर्ट

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।