नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमित चावड़ा को पार्टी की गुजरात इकाई का अध्यक्ष बनाया है। अभी तक यह पद भरत सिंह सोलंकी संभाल रहे थे। पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने एक बयान में बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने विधायक अमित चावड़ा को गुजरात कांग्रेस प्रदेश समिति का अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस भले ही 2017 का गुजरात विधानसभा चुनाव हार गयी हो किंतु उसके विधायकों की संख्या बढ़कर 77 पहुंच गयी जो 2012 में 60 थी।
बयान में कहा गया, ‘‘भरत सिंह सोलंकी ने जीपीसीसी अध्यक्ष का जिस तरह से दायित्व निभाया है, पार्टी उनकी सेवा एवं योगदान को स्वीकार करती है।’’ सोलंकी ने हाल में राहुल से मुलाकात की थी। बाद में उन्होंने कहा था कि पार्टी उन्हें जो भी काम करने को कहेगी, वह उसे करेंगे। सोलंकी ने यह भी कहा था कि गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने अपना पद छोड़ने की पेशकश की थी किंतु पार्टी आलाकमान ने उनसे काम करते रहने को कहा था।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



