भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नविन ने आज 17 अगस्त, 2026 को अपने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा की है। पार्टी के डिजिटल और सोशल मीडिया विंग में सबसे बड़े बदलाव देखने को मिले। छत्तीसगढ़ के नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है; उन्होंने अमित मालवीय की जगह ली है, जो लंबे समय से BJP के IT सेल की कमान संभाले हुए थे। हालांकि, पार्टी ने मालवीय को हटाए जाने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है।
कौन हैं दीपक म्हस्के?

बता दें कि दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ के BJP नेता हैं, जिन्हें संगठनात्मक कामकाज के साथ-साथ टेक्नोलॉजी, चुनावी डेटा और मीडिया से जुड़े कामों का अनुभव है। वे पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर काम कर चुके हैं। फिलहाल, वे छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन हैं। इस नई व्यवस्था के तहत, प्रीति गांधी (महाराष्ट्र), शिवानंद द्विवेदी (दिल्ली), आलोक भट्ट (उत्तराखंड) और अरुण यादव (हरियाणा) को उनके साथ सोशल मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।
नितिन नवीन की नई टीम में कई जाने-माने चेहरे
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में कई अनुभवी नेताओं को भी जगह मिली है। पार्टी ने स्मृति ईरानी और राम माधव समेत कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मीडिया टीम में अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है, जबकि आशीष अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की भूमिका दी गई है। वहीं, पद से हटाए जाने के बाद अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर नई टीम को बधाई दी।



Download Android App
Download iOS App




