इंदौर, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या उनके आने से यहां भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा या वे प्रदेश के असल मुद्दों पर समीक्षा करेंगे।
उमंग सिंघार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अमित शाह कितनी भी बार भोपाल आ जाएं लेकिन अब उनका समय जा रहा है और इसे पूरा देश देख रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या अमित शाह के आने से प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा? क्या वे प्रदेश के असल मुद्दों पर समीक्षा करेंगे।
इस दौरान उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार पर लापरवाही और जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया। उमंग सिंघार ने कहा कि इस पूरे मामले में राज्य सरकार सीधे तौर पर दोषी है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार बार-बार जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश क्यों कर रही है।
उन्होंने कहा, “इंदौर मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रभार वाला जिला है, फिर मुख्यमंत्री जवाबदेही क्यों तय नहीं करना चाहते? क्या इसमें नगरीय प्रशासन मंत्री की कोई जिम्मेदारी नहीं है? क्या महापौर और स्थानीय पार्षद की कोई जवाबदेही नहीं बनती?”
उन्होंने कहा कि पानी और स्वच्छता के नाम पर जनता से पैसा वसूला जा रहा है लेकिन लोगों को पीने के लिए स्वच्छ पानी तक नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा अस्पतालों से लिए गए पानी के सैंपल में भी बैक्टीरिया मिले हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। इसके बावजूद सरकार चुप्पी साधे हुए है।
सिंघार ने कहा कि भागीरथपुरा के लोग लंबे समय से दूषित पानी की शिकायत कर रहे थे लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यह सीधे-सीधे महापौर की विफलता है। ऐसे में महापौर को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। क्या मुख्यमंत्री इतने सक्षम भी नहीं हैं कि वे महापौर से इस्तीफा ले सके।”
भाजपा द्वारा मध्य प्रदेश को अपना गढ़ बताए जाने पर तंज कसते हुए उमंग सिंघार ने कहा, “भाजपा कहती है कि मध्य प्रदेश हमारा मायका है लेकिन मायका रूठ गया है और अब विदाई तय है।”
वहीं, राहुल गांधी द्वारा ऑनलाइन फॉर्म-6 में अवैध बदलाव और वोट चोरी के आरोपों पर एनडीए के विरोध को लेकर उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के जरिए एसआईआर में गड़बड़ी करा सकती है और आम नागरिकों के वोट की चोरी कर सकती है। ऐसे में कांग्रेस आम लोगों की आवाज क्यों नहीं उठाएगी। राहुल गांधी यह मुद्दा सौ बार उठाएंगे।
–आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



