अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले कांग्रेस सांसद रंधावा ने पूछे तीखे सवाल, ड्रोन से तस्करी पर केंद्र को घेरा

Summary :

जालंधर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को अमित शाह से पंजाब से जुड़े 7 अहम सवालों के जवाब मांगे हैं। रंधावा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “अमित शाह, दिल्ली में बैठकर आप मेरे द्वारा पंजाब के मुद्दों पर लिखे गए पत्रों का जवाब नहीं देते। आप खुद पंजाब आ रहे हैं, उम्मीद है कि पंजाब के हित में पूछे गए इन सवालों का जवाब जरूर देंगे।” रंधावा ने सवाल उठाया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए…

जालंधर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को अमित शाह से पंजाब से जुड़े 7 अहम सवालों के जवाब मांगे हैं।

रंधावा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “अमित शाह, दिल्ली में बैठकर आप मेरे द्वारा पंजाब के मुद्दों पर लिखे गए पत्रों का जवाब नहीं देते। आप खुद पंजाब आ रहे हैं, उम्मीद है कि पंजाब के हित में पूछे गए इन सवालों का जवाब जरूर देंगे।”

रंधावा ने सवाल उठाया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशा और हथियार पंजाब पहुंचने की घटनाएं अब भी सामने आ रही हैं। जब अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा बीएसएफ के हाथ में है, तो यह सप्लाई चेन पूरी तरह क्यों नहीं टूट रही? उन्होंने पूछा कि एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी पर किए जा रहे काम के ग्राउंड-लेवल नतीजे क्या हैं और पूरी बॉर्डर बेल्ट को प्रभावी कवरेज कब तक मिलेगी।

कांग्रेस सांसद ने सवाल किया कि जेलों के अंदर से और विदेशों में बैठकर पंजाब में फिरौती, हत्याएं और ऑर्गेनाइज्ड क्राइम चलाने वाले गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ केंद्र की स्ट्रेटेजी क्या है? रंधावा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अकेले सितंबर महीने में ही पंजाब के सीमावर्ती जिलों से 100 किलो से अधिक हेरोइन बरामद हुई है। अगर सीमाओं पर केंद्र सरकार की निगरानी है, तो यह जहर अंदर कैसे पहुंच रहा है?

पुलिस थानों और चौकियों पर हुए ग्रेनेड अटैक जैसे मामलों के पीछे मौजूद नेटवर्क और हैंडलर्स तक पहुंचने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं? उन्होंने पूछा कि विदेशों में बैठे गैंगस्टर्स और हैंडलर्स को भारत वापस लाने की कार्रवाई कहां तक पहुंची है।

आखिरी सवाल में रंधावा ने पूछा कि ड्रग्स, हथियार और ऑर्गेनाइज्ड क्राइम के खिलाफ बीएसएफ, एनआईए, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और पंजाब पुलिस के बीच कोऑर्डिनेशन को और मजबूत करने का रोडमैप क्या है?

अपने पोस्ट के अंत में रंधावा ने तंज कसते हुए लिखा, “अगर आप सच में पंजाब के हितैषी हैं, तो सख्त कदम उठाइए और नतीजे दीजिए। अगर सिर्फ राजनीतिक यात्रा के लिए पंजाब आए हैं, तो मैं आपकी सुखद यात्रा के लिए अरदास करता हूं।”

–आईएएनएस

एससीएच/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.