संसद में शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी को उस समय चौंका दिया जब अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा खत्म करने के बाद अचानक वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास चले गए। इतना ही नहीं उन्होंने पीएम मोदी को लगे लगा लिया। यह नजारा देखकर ना केवल संसद में मौजूद लोग बल्कि खुद पीएम भी हैरान रह गए। मोदी से गले मिलने पर गांधी ने कहा कि हिंदू होने का यही मतलब होता है।
इसके बाद सीट पर वापस जाकर उन्होंने आंख मारी जो दिन भर सुर्खियों में छाई रही। सदन में चर्चा के दौरान राहुल ने भाजपा, आरएसएस पर जमकर निशाना साधा था।
सभी ने राहुल द्वारा पीएम को गले लगाना और फिर आंख मारने की घटना को अपने-अपने नजरिए और शब्दों में बयां किया। इसी बीच डेयरी उत्पाद बनाने के साथ ही अपने चुटील कार्टून की वजह से चर्चा में रहने वाले अमूल ने भी एक दिलचस्प कार्टून जारी किया है। अमूल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर जो कार्टून जारी किया है उसमें राहुल मोदी को गले लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसपर कैप्शन लिखा है- गले लगना या संकोची। इसे सोशल मीडिया पर लोगों ने काफी पसंद किया। वनीता पांडे ने लिखा- बड़ी जल्दी। यह परफेक्ट मार्केटिंग है। राइटिस्ट सिंघवी ने लिखा- मुबारक हो राहुल गांधी आपको हग्गीज का ब्रांड एंबैसडर बनाने के लिए चुना गया है। रेनू भागवत गाडगी ने लिखा- इसी वजह से अमूल को भारत का स्वाद कहा जाता है।


Download Android App
Download iOS App



