नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने जदयू से निष्कासित अनंत सिंह के दोबारा राजद में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि राजद में उनकी एंट्री नहीं है।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव से जब मीडिया ने सवाल किया कि अनंत सिंह राजद के साथ भी रहे हैं तो क्या भविष्य में वे दोबारा आ सकते हैं, मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है।
दूसरी ओर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनंत सिंह को सरेंडर करने के लिए 1 दिसंबर तक का समय दिए जाने पर कहा कि जहां तक अनंत सिंह की बात है, चाहे उनकी पत्नी हों या वे खुद, वे हमेशा यही आरोप लगाते थे कि सरकार ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाया है। जब अनंत सिंह ने हमें धोखा दिया और वापस सरकार के पाले में चले गए, तब उन्हें यही सरकार अच्छी लगने लगी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि अब जब अनंत सिंह को वापस जेल जाना पड़ रहा है तो सरकार बुरी हो गई है। इस पर हम क्या टिप्पणी करें लेकिन नीरज कुमार को चीजें बहुत जल्दी समझ आ गईं। जब उनके अपने हितों की बात आई, तो वे अनंत सिंह को जेल भेजने के लिए याचिकाकर्ता बन गए। फिर भी, जब वे सब अपनी पार्टी में एक साथ थे, तब नीरज कुमार चुप रहे। क्यों? क्या तब वे अपराधी नहीं थे? उस समय वे क्या कर रहे थे?
इंडिया ब्लॉक की एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि 1 तारीख को हम सभी रामलीला मैदान में इकट्ठा होंगे। ज्ञानेश कुमार ने जिस तरह से लोकतंत्र को कुचलने का काम किया है, हम उसके खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे।
बिहार में हाल ही में संपन्न हुए एमएलसी चुनावों के परिणामों को लेकर तेजस्वी यादव ने एनडीए पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में एनडीए की हवा टाइट थी। एमएलसी चुनावों में हमारा शानदार प्रदर्शन रहा। 8 सीटों पर एमएलसी चुनाव हुए, पांच सीट हम लोग जीतने में कामयाब हुए, जबकि तीन सीटों पर एनडीए रह गई है।
–आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



