अन्ना हजारे की आलोचना करना स्वीकार नहीं, वह देश के लिए लड़ रहे थे : राम कदम

Summary :

मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अपनी किताब में सोनिया गांधी द्वारा अन्ना हजारे के आंदोलन की आलोचना, छठ से पहले मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने को लेकर विवाद, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी का गठबंधन और सैम पित्रोदा द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व की प्रशंसा करने पर भाजपा नेता राम कदम ने प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता राम कदम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “2011 में अन्ना हजारे ने लोकपाल लागू करने की मांग को लेकर एक बड़ा राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया था। लोगों…

मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अपनी किताब में सोनिया गांधी द्वारा अन्ना हजारे के आंदोलन की आलोचना, छठ से पहले मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने को लेकर विवाद, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी का गठबंधन और सैम पित्रोदा द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व की प्रशंसा करने पर भाजपा नेता राम कदम ने प्रतिक्रिया दी।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता राम कदम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “2011 में अन्ना हजारे ने लोकपाल लागू करने की मांग को लेकर एक बड़ा राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया था। लोगों ने उनके आंदोलन का समर्थन किया, क्योंकि उनकी मांग जायज थी। वह अपने लिए कुछ नहीं मांग रहे थे, बल्कि देश के लिए लड़ रहे थे। क्या लोकपाल की मांग करना गलत था? लेकिन, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अन्ना हजारे और उनके आंदोलन की आलोचना की है। उन्हें क्या हो गया है? अन्ना हजारे एक ईमानदार और सम्मानित व्यक्ति हैं, जिन्होंने बिना किसी राजनीतिक पद या पुरस्कार की चाह रखे देश की सेवा की है। ऐसी शख्सियत की आलोचना करना और यह जताना कि उनके आंदोलन के पीछे कोई और था, बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। यह आंदोलन सफल रहा था, क्योंकि उस समय सरकार को अन्ना हजारे की मांगों को मानना ​​पड़ा था।”

छठ पूजा से पहले मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने को लेकर हुए विवाद और मनसे तथा शिवसेना (यूबीटी) द्वारा जताई गई आपत्तियों पर राम कदम ने कहा, “मुंबई और महाराष्ट्र की प्रथम भाषा मराठी है। छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि सभी भाषाओं का सम्मान करती है। मुंबई की सांस्कृतिक छवि बहुभाषी है। मुंबई में सभी भाषाओं को बोलने वाले लोग रहते हैं। बिहार, यूपी और झारखंड के लोग बड़ी संख्या में मुंबई में छठ का पर्व मनाते हैं। ऐसे में भाषा को लेकर किसी को उकसाया नहीं जाता। दूसरी भाषा का अपमान गलत है।”

उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के गठबंधन पर भाजपा नेता ने कहा, “ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टी के बीच गठबंधन करने का लोकतंत्र में अधिकार है। हालांकि इस गठबंधन से भाजपा पर कोई असर नहीं होगा, क्योंकि दोनों दलों का उत्तर प्रदेश में कोई जनादेश नहीं है। इसके साथ ही इनके पास कोई एजेंडा नहीं है।”

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करने पर राम कदम ने कहा, “सैम पित्रोदा ही नहीं, कांग्रेस के अन्य नेता भी प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हैं। सैम पित्रोदा को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सलाह देनी चाहिए कि वह गंभीरता और परिपक्वता का परिचय दें तो केंद्र सरकार हर सवाल का जवाब देगी।”

–आईएएनएस

ओपी/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.