बर्फबारी से ढकी कश्मीर की घाट, गुलमर्ग-सोनमर्ग में 10 इंच तक जमी बर्फ, कई पहाड़ी रास्ते बंद

Summary :

गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट और सोनमर्ग के पर्यटक स्थल पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे वहां आए पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठाते हुए नजर आए है वहीं ताजा बर्फबारी के कारण कई पहाड़ी रास्ते भी बंद हो गए हैं। कश्मीर घाटी में हुई बर्फबारी के बाद जमकर बारिश भी हुई।

नवंबर के महीने में कश्मीर की घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है जहां ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट और सोनमर्ग के पर्यटक स्थल पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे वहां आए पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठाते हुए नजर आए है वहीं ताजा बर्फबारी के कारण कई पहाड़ी रास्ते भी बंद हो गए हैं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के गुरेज, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, सोनमर्ग और गुलमर्ग समेत कई इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है।

कई पहाड़ी रास्ते बंद

भारी बर्फबारी के कारण घाटी से बाहर जाने वाले पहाड़ी रास्ते बंद हो गए हैं। श्रीनगर-लेह हाईवे, मुगल रोड पर पीर की गली, किश्तवाड़ जिले की ओर जाने वाला सिंथन दर्रा, गुरेज सीमावर्ती कस्बे की ओर जाने वाला राजदान दर्रा और तंगधार, करनाह की ओर जाने वाला साधना टॉप बर्फ से ढक गए हैं और वहां आना-जाना मुश्किल हो गया है। साथ ही लोगों का जन-जीवन भी प्रभावित हो गया है।

10 इंच तक जमी बर्फ

बता दें कि पिछले 24 घंटों के बर्फबारी के दौरान साधना टॉप और राजदान टॉप पर एक फीट से अधिक बर्फ जमी है, जबकि सिंथन टॉप पर 8 से 10 इंच, जेड गली और मरगन टॉप पर 6 से 8 इंच, पीर की गली पर 5 से 8 इंच, जोजिला पास पर 5 से 6 इंच, बालटाल-पहलगाम में 4 से 6 इंच, गुरेज घाटी में 3 से 5 इंच और सोनमर्ग में 2 से 3 इंच बर्फबारी हुई है। वहीं, गुलमर्ग में महज 1 सेंटीमीटर बर्फ जमा हो गई है।

तापमान में आएगी गिरावट

कश्मीर घाटी में हुई बर्फबारी के बाद जमकर बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने आज दोपहर तक खराब मौसम रहने का अनुमान जताया है और बताया कि आज तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है। बारिश और बर्फबारी से घाटी के झरनों, कुओं, झीलों और कई जल धारओं में पानी का स्तर बढ़ने और बहाव बेहतर होने की उम्मीद है।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।