आगरा : जनलोकपाल आंदोलन की अगुवाई कर रहे समाजसेवी अन्ना हजारे ने ताजनगरी आगरा से हुंकार भरी। किसानों की समस्याओं और जनलोकपाल के मुद्दे पर लोगों को संबोधित कर अन्ना हजारे ने कहा,” इस आंदोलन से अब कोई केजरीवाल नहीं आएगा। जिन्होंने मुझे धोखा दिया, उन्हें भी दिल से जोड़े हुए हैं। पहले मोदी जी मेरी बात करते थे, जब किसानों की बात करने लगा, तो उन्हें एलर्जी हो गई। वो मुझसे दूर रहने लगे। लोकपाल के लिए कांग्रेस और बीजेपी दोनों दोषी है।
लोकपाल बिल के लिए पूर्व में आंदोलन कर चुके अन्ना हजारे ने जनलोकपाल और किसानों के मुद्दों को लेकर अगले साल दिल्ली में 23 मार्च शहीद दिवस से आंदोलन शुरू करेंगे। अपने आंदोलन को लेकर ही अन्ना हजारे ने आज आगरा में कहा कि अब वे अपने आंदोलन से किसी को अरविंद केजरीवाल नहीं बनने देंगे। उन्होंने कहा कि अब तो शपथ पत्र लूंगा।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार में भी भ्रष्टाचार नहीं रुका है, सभी राज्यों में भ्रष्टाचार आज भी व्याप्त है। अन्ना ने कहा कि लोकपाल को कांग्रेस और भाजपा सरकारों ने कमजोर करने का काम किया। सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश में किसानों की हालात खराब है। इसी कारण से हर राज्य में किसान आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद किसी का कोई सरोकार नजर नहीं आ रहा है।
अन्ना हजारे ने कहा कि हमें उद्योगपतियों की सरकार नहीं चाहिए। न मोदी चाहिए और न राहुल। इन दोनों के दिमाग में बस उद्योगपति बसे हैं, इसलिए हमें ये दोनों ही नहीं चाहिए। हमें ऐसी सरकार चाहिए, जिसके दिमाग में उद्योगपति नहीं बल्कि भारत के असली अन्नदाता यानि किसान हो। इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि आजादी के 70 साल बीत गए। कहां हैं वो लोकतंत्र, जो लोगों के लिए हैं।
अन्ना ने कहा कि नोटबंदी का उद्देश्य काले धन को उजागर करना था, लेकिन कोई परिणाम नहीं मिला। आज भी लगभग हर राज्य भ्रष्टाचार की शिकायतें जारी हैं। वहीं राहुल गांधी के कांग्रेस का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल से जुड़े सवालों पर अन्ना हजारे ने कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि मैं राजनीति पर कोई बात नहीं करता। मैं फकीर आदमी हूं, मंदिर में सोता हूं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यह क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



