कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के एक विवादित नारा लगाने को लेकर सोमवार को उन पर निशाना साधा और तंज कसा कि लगता है कि वह अपने उन शीर्ष नेताओं का अनुसरण कर रहे हैं जो लोगों को कपड़े से पहचान लेते हैं।
पार्टी प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने एक बयान में कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि अनुराग ठाकुर अपने उन शीर्ष नेताओं का अनुसरण कर रहे हैं जो लोगों को कपड़ों से पहचान लेते हैं। मंत्री को छोड़िए, कोई भी जिम्मेदार नागरिक किसी के खिलाफ हिंसा भड़काने के नारे नहीं लगाएगा।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अर्थव्यवस्था का बुरा हाल है, बेरोगारी चरम पर है। ऐसे में मोदी सरकार के पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है और ऐसे में ध्रुवीकरण के अपने पसंदीदा खेल का सहारा ले रही है।’’
दरअसल, भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को तब विवाद पैदा कर दिया जब उन्होंने चुनावी रैली में आए लोगों को ‘गद्दारों को मारने वाला’ भड़काऊ नारा लगाने के लिए उकसाया। इससे पहले उन्होंने सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हमला बोला था।
रैली में, वित्त राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा “ देश के गद्दारों को”, जिसपर भीड़ ने कहा, “ गोली मारो सा***को।” रिठाला से भाजपा के उम्मीदवार मनीष चौधरी के समर्थन में एक जनसभा में ठाकुर ने शाहीनबाग में चल रहे सीएए विरोधी प्रदर्शन और कथित देश विरोधी नारों से विपक्षी पार्टियों को जोड़ा और भीड़ से विवादित नारे लगाने को कहा।


Download Android App
Download iOS App



