बिहार: अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार में जुटे अनंत सिंह, नीरज कुमार ने नीतीश कुमार से की मुलाकात

Summary :

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के घोषित प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ और जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। शनिवार को अनंत सिंह ने नालंदा और नवादा पहुंचकर अनुज सिंह के लिए लोगों से समर्थन मांगा। अनंत सिंह के काफिले के पहुंचते ही कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर जमा हो गए। कई जगहों पर समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कुछ स्थानों पर…

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के घोषित प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ और जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। शनिवार को अनंत सिंह ने नालंदा और नवादा पहुंचकर अनुज सिंह के लिए लोगों से समर्थन मांगा।

अनंत सिंह के काफिले के पहुंचते ही कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर जमा हो गए। कई जगहों पर समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कुछ स्थानों पर जेसीबी के जरिए फूलों की बारिश भी की गई। सड़क किनारे लंबी कतार में खड़े लोगों ने अनंत सिंह का अभिवादन किया। उनके साथ वाहनों का लंबा काफिला भी चल रहा था। अनंत सिंह ने लोगों से अनुज सिंह के पक्ष में समर्थन की अपील की।

उन्होंने कहा, “सब लोगों से आशीर्वाद मांग रहे हैं। जनता मालिक है, इसीलिए उन्हीं के पास आए हैं। हम तो कह रहे हैं कि अनुज सिंह को इतना आशीर्वाद दीजिए कि पेटी भर जाए। दुश्मन की जमानत जब्त हो जाए।”

अनंत सिंह की यह सक्रियता इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपने मौजूदा विधान पार्षद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। अनंत सिंह सार्वजनिक रूप से नीरज कुमार के खिलाफ अपना रुख जाहिर कर चुके हैं और जन सुराज के अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने की बात कह चुके हैं। अनुज सिंह के नामांकन के दौरान उनके साथ खुले वाहन में नजर आए थे। इस बीच जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद नीरज कुमार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि नीतीश कुमार ने उन्हें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव-2026 के लिए एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्रदान किया। नीरज कुमार ने अपने पोस्ट में नीतीश कुमार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्नेह, आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग की अपील भी की।

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जारी विवाद को सुलझाने को लेकर जदयू शीर्ष नेतृत्व प्रयासरत है। बताया गया कि इस विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी जदयू ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को दी है। पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह की सक्रियता, अनुज सिंह के समर्थन में उनका प्रचार और दूसरी ओर नीरज कुमार का पार्टी नेतृत्व से संपर्क, चुनावी गतिविधियों को लगातार चर्चा में बनाए हुए है। बिहार विधान परिषद की संबंधित सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को और मतगणना 27 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

–आईएएनएस

एमएनपी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.