Arvind Kejriwal ने उठाई LPG संकट की आवाज, तो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा #KejriwalOnLPGShortage

Summary :

Arvind Kejriwal News: देश में रसोई गैस (एलपीजी) की संभावित कमी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। बुधवार को X और अन्य प्लेटफॉर्म पर #KejriwalOnLPGShortage तेजी से ट्रेंड करने लगा। इसकी मुख्य वजह दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की वह प्रेस कॉन्फ्रेंस रही, जिसमें उन्होंने देश में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर गंभीर सवाल उठाए। केजरीवाल ने कहा कि देश के कई हिस्सों में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका दावा है कि गैस के उत्पादन और आपूर्ति में भारी गिरावट आई है, जिससे हालात…

Arvind Kejriwal News: देश में रसोई गैस (एलपीजी) की संभावित कमी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। बुधवार को X और अन्य प्लेटफॉर्म पर #KejriwalOnLPGShortage तेजी से ट्रेंड करने लगा। इसकी मुख्य वजह दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की वह प्रेस कॉन्फ्रेंस रही, जिसमें उन्होंने देश में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर गंभीर सवाल उठाए।

केजरीवाल ने कहा कि देश के कई हिस्सों में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका दावा है कि गैस के उत्पादन और आपूर्ति में भारी गिरावट आई है, जिससे हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर कई व्यवसायों पर भी पड़ रहा है।

Arvind Kejriwal News
Arvind Kejriwal News

Arvind Kejriwal News: छोटे कारोबारों पर पड़ रहा सबसे ज्यादा असर

केजरीवाल के मुताबिक एलपीजी की कमी का सबसे बड़ा प्रभाव छोटे और मध्यम स्तर के फूड कारोबारों पर दिखाई दे रहा है। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग सर्विस और क्लाउड किचन जैसे व्यवसाय पूरी तरह से रसोई गैस पर निर्भर रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर सरकारी निर्देशों या सीमित सप्लाई के कारण इन व्यवसायों को गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में कई छोटे फूड कारोबारियों के सामने काम बंद करने की नौबत आ गई है। कुछ जगहों पर तो दुकानदारों के पास सिर्फ दो से चार दिन का ही गैस स्टॉक बचा होने की बात कही जा रही है।

लाखों लोगों की आजीविका पर मंडराया खतरा

एलपीजी की आपूर्ति में कमी की आशंका से लाखों लोगों की रोज़गार पर भी असर पड़ सकता है। फूड इंडस्ट्री से जुड़े लाखों कर्मचारी होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में काम करते हैं। अगर गैस की उपलब्धता लगातार प्रभावित होती है, तो इन व्यवसायों को काम कम करना या अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है। केजरीवाल ने कहा कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी, तो इससे बड़ी संख्या में लोगों की आमदनी पर असर पड़ेगा और कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।

शादी के सीजन में बढ़ सकती है परेशानी

उन्होंने यह भी कहा कि इस समय देश के कई हिस्सों में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है। ऐसे में अगर गैस की सप्लाई प्रभावित होती है तो कैटरिंग और खानपान से जुड़े आयोजनों में भी दिक्कतें आ सकती हैं। कई परिवारों को अपने समारोहों की व्यवस्था बदलनी पड़ सकती है। उनके अनुसार यह केवल आर्थिक समस्या नहीं है, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

केंद्र सरकार पर साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए और जल्द समाधान निकालना चाहिए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियों और फैसलों का असर सीधे तौर पर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

केजरीवाल के बयान के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस शुरू हो गई। कई लोग सरकार से जवाब मांग रहे हैं कि अगर गैस की सप्लाई में कमी है तो इसके पीछे क्या कारण हैं और इससे निपटने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि रसोई गैस हर घर की बुनियादी जरूरत है। इसलिए इसकी आपूर्ति में किसी भी तरह की कमी सीधे आम लोगों की जिंदगी को प्रभावित करती है।

यही वजह है कि #KejriwalOnLPGShortage तेजी से ट्रेंड कर रहा है और देशभर में इस मुद्दे पर चर्चा जारी है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार और संबंधित एजेंसियां जल्द ही इस समस्या का समाधान निकालेंगी, ताकि आम लोगों और छोटे कारोबारियों को राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें: मोबाइल रिचार्ज पर संसद में हंगामा! इनकमिंग कॉल को लेकर राघव चड्ढा ने उठाए सवाल, कहा साल में 13 की…

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।