बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, 11 लाख के आभूषण बरामद

Summary :

ग्रेटर नोएडा, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी करने के बाद मौका देखकर घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 2 अक्टूबर 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को लेबर…

ग्रेटर नोएडा, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी करने के बाद मौका देखकर घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार 2 अक्टूबर 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को लेबर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सारमिन उर्फ शम्भू पुत्र इतवारी, निवासी बादशाह कॉलोनी, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने तीन नेकलेस, दो माथे के मांग टीके और दो कानों के ऊपर पहनने वाली बारीक चेन बरामद की हैं। ये सभी सोने के आभूषण हैं। इसके अलावा दो पाजेब, दो सैम्पल, एक गले का हार, एक हाथ का ब्रेसलेट, बच्चों के हाथ के चार कड़े और चार बिछुए बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।

बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार बीटा-2 थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थलों और आसपास के इलाकों में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।

जांच के दौरान आरोपी तक पहुंचने के बाद पुलिस ने उसे चोरी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी द्वारा बीटा-2 थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक करीब सात-आठ महीने पहले अल्फा-1 क्षेत्र में सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी की गई थी। इसके बाद फरवरी 2026 में अल्फा-2 क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। कुछ दिन पहले अल्फा-2 में ही एक अन्य मकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी घूम-फिरकर ऐसे मकानों की रेकी करता था, जो कुछ समय से बंद रहते थे। इसके बाद वह मौका देखकर घर में दाखिल होता और वहां रखे कीमती आभूषणों को चोरी कर लेता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीटा-2 और सूरजपुर थानों में चोरी, नकबजनी, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2026 के दो और वर्ष 2015-16 के कई पुराने मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बरामद अवैध चाकू के संबंध में भी आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास और पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच की जा रही है।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.