Bank Holiday October 2026: 17 से 30 अक्टूबर तक कब और कहां बंद रहेंगे बैंक? देखें पूरी लिस्ट

Summary :

Bank Holiday October 2026: अक्टूबर 2026 में 15 से 30 तारीख के बीच दशहरा, दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा और करवा चौथ समेत कई त्योहारों के कारण अलग-अलग शहरों में बैंक बंद रहेंगे। 18, 24 और 25 अक्टूबर को देशभर में बैंक बंद रहेंगे। बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें।

Bank Holiday October 2026: अक्टूबर के बाकी दिनों में बैंक जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले छुट्टियों का कैलेंडर देख लेना जरूरी है। 17 से 30 अक्टूबर 2026 के बीच कई त्योहारों और वीकली हॉलिडे की वजह से  अलग-अलग शहरों में बैंक बंद रहेंगे।  इस दौरान दुर्गा पूजा, दशहरा, विजयादशमी, लक्ष्मी पूजा और करवा चौथ जैसे त्योहारों की छुट्टियां पड़ रही हैं।

ध्यान देने वाली बात यह है कि हर छुट्टी पूरे देश में लागू नहीं होगी। कुछ तारीखों पर केवल चुनिंदा शहरों में बैंक बंद रहेंगे। वहीं, रविवार और महीने के चौथे शनिवार को देशभर में बैंक में कामकाज नहीं होगा। ऐसे में अगर आपको पैसे जमा करने, चेक से जुड़े काम या किसी दूसरे बैंकिंग काम  के लिए ब्रांच जाना है, तो पहले तारीख और अपने शहर की स्थिति जांच लें।

17 से 21 अक्टूबर तक छुट्टियों का क्या है शेड्यूल?

अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े (16 तारीख से लेकर महीने के आखिरी दिन)  की शुरुआत में ही कई जगहों पर बैंक बंद रहने वाले हैं।

  • 17 अक्टूबर, शनिवार: अगरतला में बैंक बंद रहेंगे। अन्य शहरों में सामान्य कामकाज हो सकता है।
  • 18 अक्टूबर, रविवार: पूरे देश में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
  • 19 अक्टूबर, सोमवार: महा नवमी और आयुध पूजा के कारण अगरतला, आइजोल, भुवनेश्वर, चेन्नई, गुवाहाटी, इम्फाल, ईटानगर, कोहिमा, कोलकाता, पटना, रांची और शिलांग में बैंक बंद रहेंगे।
  • 20 अक्टूबर, मंगलवार: दशहरा और विजयादशमी के अवसर पर ज्यादातर हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे। गंगटोक और इम्फाल में बैंक खुले रहने की जानकारी है।
  • 21 अक्टूबर, बुधवार: अगरतला, बेंगलुरु, गंगटोक, गुवाहाटी, कोच्चि, कोलकाता और तिरुवनंतपुरम में बैंक बंद रहेंगे।

22 से 25 अक्टूबर तक लगातार पड़ेंगी छुट्टियां

इस अवधि में सिक्किम की राजधानी गंगटोक में दो दिन बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी होगी।

22 और 23 अक्टूबर: दुर्गा पूजा और दसैं से जुड़ी छुट्टियों की वजह से  गंगटोक में बैंक बंद रहेंगे।

24 अक्टूबर: महीने का चौथा शनिवार होने की वजह से  देशभर में बैंक बंद रहेंगे।

25 अक्टूबर: रविवार होने की वजह से सभी जगह बैंक में छुट्टी रहेगी।

अगर आपको इन तारीखों के आसपास बैंक में कोई जरूरी काम करना है, तो उसे पहले ही पूरा कर लेना बेहतर होगा।

26 और 29 अक्टूबर को इन शहरों में बंद रहेंगे बैंक

26 अक्टूबर, सोमवार: लक्ष्मी पूजा और संबंधित स्थानीय छुट्टी  के कारण अगरतला, चंडीगढ़, जम्मू, शिमला और श्रीनगर में बैंक बंद रहेंगे।

29 अक्टूबर, गुरुवार: करवा चौथ की छुट्टी के कारण शिमला में बैंक  में कामकाज नहीं होगा। दूसरे शहरों में यह छुट्टी लागू नहीं होगी।

वहीं, दी गई लिस्ट  के अनुसार 27, 28 और 30 अक्टूबर को किसी शहर के लिए अलग बैंक हॉलिडे  का उल्लेख नहीं है। फिर भी, स्थानीय छुट्टियों की पुष्टि करना जरूरी है।

बैंक की छुट्टी में भी कर सकेंगे पैसों का लेन-देन

बैंक शाखाएं बंद होने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों के सभी बैंकिंग काम रुक जाएंगे। छुट्टियों के दौरान आम तौर पर कई ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध रहती हैं।

  • UPI: मोबाइल से पैसे भेजने और पेमेंट   करने के लिए।
  • इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग: बैलेंस चेक करने और पैसे ट्रांसफर करने के लिए।
  • ATM: कैश  निकालने के लिए।
  • ऑनलाइन बिल पेमेंट: बिजली, मोबाइल और दूसरे बिलों के पेमेंट के लिए।

हालांकि, बैंक बंद रहने पर चेक क्लियर होने, कैश जमा करने और बैंक से जुड़े दूसरे कामों में देरी हो सकती है। ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं बैंक और तकनीकी स्थिति के हिसाब से चालू रह सकती हैं।

बैंक जाने से पहले यह जरूर करें: बैंक जाने से पहले अपने शहर में छुट्टियों की तारीख और बैंक शाखा के खुलने-बंद होने का समय जरूर चेक कर लें। इससे आपका जरूरी काम नहीं रुकेगा।

यह भी पढ़ें: क्या बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।