आज गुरुवार सुबह-सुबह बेंगलुरु साउथ तालुक के मडापटना इलाके में अचानक कोहराम मच गया। शहर के एक पत्थर की खदान में बड़ा हादसा हो गया। खदान में हमेशा की तरह कई मजदूर काम कर रहे थे, तभी एक विशाल चट्टान टूटकर अचानक गिर गई। इससे पहले मजदूर कुछ समझ पाते, कई मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई; आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस तथा राहत टीमों को इस घटना की जानकारी दी।
लगभग नौ मजदूरों की मौत, कई घायल

बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। अधिकारियों ने इस घटना को लेकर बताया कि, इस दुखद हादसे में करीबन नौ मजदूरों की मौत हो गई। शुरुआती रिपोर्टों से मालूम पड़ा है कि मरने वाले सभी लोग काम को लेकर बिहार और असम जैसे दूसरे राज्यों से आए थे। हादसे में कई अन्य मजदूर भी जख्मी हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है; डॉक्टर उनकी स्थिति पर ख़ास नजर बनाए हुए हैं।
घटना को लेकर उठ रहे कई सवाल

वहीं इस घटना की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और चट्टान किन कारणों से गिरा, उसे पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों ने इस हादसे को लेकर आगे कहा कि हादसे के हर पहलू की जांच की जा रही है और अगर कोई लापरवाही मिलती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई भी होगी।
इस घटना ने खदानों में काम करने वालों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़ा कर दी हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसे दुख का सामना न करना पड़े। हालांकि, इस घटना की खबर सुनते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


Download Android App
Download iOS App




