मोदी कैबिनेट का किसानों को तोहफा, 2025-26 तक जारी रहेगी फसल बीमा योजना

Summary :

मोदी सरकार का बड़ा फैसला, फसल बीमा योजना 2025-26 तक बढ़ाई

नए वर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। कैबिनेट ने 2021-22 से 2025-26 तक 69,515.71 करोड़ रुपये के साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को 2025-26 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी। इस फैसले से 2025-26 तक देश भर के किसानों के लिए प्राकृतिक आपदाओं से हुए फसलों के नुकसान के कवरेज में मदद मिलेगी।

मोदी कैबिनेट का किसानों को तोहफा

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने किसानों को 824.77 करोड़ रुपये के कोष के साथ नवाचार और प्रौद्योगिकी कोष (FIAT) के निर्माण को भी मंजूरी दी है। इस फंड का उपयोग योजना के तहत तकनीकी पहलों जैसे कि YES-TECH, विंड्स के साथ-साथ अनुसंधान और विकास अध्ययनों के वित्तपोषण के लिए किया जाएगा। सरकार ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों के सभी किसानों को प्राथमिकता के आधार पर सक्षम बनाने लिए सभी प्रयास किए गए हैं और आगे भी किए जाते रहेंगे।

प्रधानमंत्री को किसानों पर गर्व

किसानों के हित में योजना लागू करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नया साल का पहला निर्णय हमारे देश के करोड़ों किसान भाई-बहनों को समर्पित है। फसल बीमा के लिए आवंटन बढ़ाने को मंजूरी दी है। इससे अन्नदाताओं की फसलों को नुकसान की चिंता नहीं रहेगी और फसलों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। हमारी सरकार किसानों के कल्याण को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मोदी सरकार को सभी किसान भाइयों औऱ बहनों पर गर्व है, जो हमारे देश का पेट भरने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। नया वर्ष 2025 का पहला कैबिनेट का फैसला हमारे किसानों की समृद्धि बढ़ाने के लिए समर्पित है।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।