पटना, 19 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं सहायता कार्यों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में जनप्रतिनिधियों का योगदान जारी है। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने शनिवार को अपने एक-एक माह के वेतन का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा।
पटना स्थित लोक सेवक आवास में दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और राहत कोष के लिए अपने वेतन की राशि प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष जरूरतमंद लोगों की सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है। समाज के सक्षम लोगों की सहभागिता से राहत और सहायता के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी राज्य में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक माह के वेतन की राशि 2.70 लाख रुपए का चेक दिया था। उन्होंने राज्यवासियों के साथ समाज के समृद्ध और सक्षम लोगों से भी राहत कोष में अधिक से अधिक योगदान करने की अपील की थी।
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपए का चेक सौंप चुके हैं। उन्होंने कहा था कि भाजपा के सभी विधायक, विधान पार्षद और सांसद अपने एक माह के वेतन की राशि बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने तीन महीने के वेतन की राशि 6.35 लाख रुपए का योगदान दिया है।
बिहार में बाढ़ से 15 जिले प्रभावित बताए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं और जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी को राहत कार्यों में सक्रिय रहने और प्रभावित लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



