Delhi Crime News : वेस्ट जिले के तिलक नगर थाना इलाके में स्थित शाहपुरा में शनिवार तड़के दो मंजिला मकान में आग लगने के बाद सिलेंडर फटने से एक बुजुर्ग यूट्यूब ब्लॉगर की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय (64) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे से पहले विजय ने अपने यूट्यूब पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने कहा थी कि यह मेरा आखिरी वीडियो है। पुलिस को विजय का मोबाइल नहीं मिला है।
पुलिस फिलहाल यह पता नहीं लगाया जा सका है कि उसने व्हाट्स एप पर किस व्यक्ति को मैसेज भेजे थे। वहीं, मौके पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मकान के अंदर तलाशी के दौरान विजय का शव बरामद हुआ। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि आग जानबूझकर लगाई गई थी या सिलेंडर में विस्फोट के कारण हादसा हुआ।
डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 3:26 बजे शाहपुरा की गली नंबर-11 स्थित मकान में आग लगने और सिलेंडर फटने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद अंदर तलाशी ली गई, जहां एक व्यक्ति का शव मिला। पड़ोसी प्रकाश चौहान ने उसकी पहचान विजय के रूप में की। पुलिस के अनुसार, विजय पिछले करीब छह वर्षों से इसी मकान में किराए पर अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी से करीब छह साल पहले तलाक हो चुका था। वह मूलरूप से ईस्ट आजाद नगर के रहने वाले थे और नियमित रूप से यूट्यूब पर वीडियो अपलोड करते थे। अकेलेपन एवं उदासी के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। वह अवसादग्रस्त महसूस करते थे। वह यहां पिछले पांच वर्षों से किराए पर रहते थे। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
मेरी मौत के बाद किसी को नहीं करना परेशान
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को अभी तक विजय का मोबाइल नहीं मिला है। वीडियो में उसने स्पष्ट रूप से कहा है कि अपना जीवन समाप्त करने का निर्णय उसने अपनी स्वयं की इच्छा से लिया है और इसके लिए उस पर किसी भी व्यक्ति का कोई दबाव अथवा जोर-जबरदस्ती नहीं है। उसने यह भी अनुरोध किया है कि उसकी मृत्यु के बाद किसी भी व्यक्ति को इसके लिए दोषी न ठहराया जाए और न ही किसी को परेशान किया जाए।
सिलेंडर फटने से फैली आग
बताया जा रहा है कि मकान में आग के दौरान अंदर रखा एलपीजी सिलेंडर भी फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आग की शुरुआत किस वजह से हुई और सिलेंडर विस्फोट किस क्रम में हुआ। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई गई है। पोस्टमार्टम, फोरेंसिक और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियां स्पष्ट की जाएंगी।


Download Android App
Download iOS App




