बिहार: कैमूर में 45 लाख रुपए की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, सड़क किनारे झोले से 300 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

Summary :

भभुआ, 14 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के महासुआ गांव निवासी मुराहु प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि दुर्गावती थाना क्षेत्र में एनएच-19 के किनारे डहला मोड़ के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति झोले में हेरोइन जैसा…

भभुआ, 14 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के महासुआ गांव निवासी मुराहु प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि दुर्गावती थाना क्षेत्र में एनएच-19 के किनारे डहला मोड़ के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति झोले में हेरोइन जैसा मादक पदार्थ रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने डहला मोड़ के पास एनएच-19 किनारे एक चाय दुकान के बगल में छापेमारी की। इस दौरान लाल कपड़ा पहने और सफेद झोला लेकर बैठे एक व्यक्ति ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद झोले से काले रंग की प्लास्टिक पॉलीथिन बरामद हुई। जांच करने पर उसमें करीब 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दुर्गावती के थाना प्रभारी विजय प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार मुराहु प्रजापति मूल रूप से भभुआ थाना क्षेत्र के महासुआ गांव का रहने वाला है। वह वर्तमान में भभुआ के वार्ड संख्या 20 स्थित अहीरान मोहल्ले में रह रहा था।

इस मामले में दुर्गावती थाना कांड संख्या 505/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(सी) के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास मादक पदार्थ कहां से आया था और इसकी आपूर्ति तथा बिक्री में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े संभावित लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.