मोतिहारी, 20 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रघुनाथपुर थाना पुलिस ने हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी हथियारों की खेप की आपूर्ति करने के लिए मजूराहां फायरिंग रेंज के पास पहुंचा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में हथियार लेकर मजूराहां फायरिंग रेंज के पास किसी को हथियारों की आपूर्ति करने वाला है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 मोतिहारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति झोला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसकी विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान झोले से पांच पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अहमद, निवासी मुस्तफापुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद हथियारों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में रघुनाथपुर थाना कांड संख्या 275/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से पहुंचे थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 दिलीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और हथियार तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। –
-आईएएनएस
एमएनपी/डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



