बिहार: नितिन नवीन ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, कहा-प्रकृति की इससे बड़ी पूजा कहीं नहीं

Summary :

पटना, 15 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को पूरा बिहार छठमय नजर आया। राज्यभर में व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अपने आवास पर छठ पूजा की और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर तथा छठी मैया को नमन किया। इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि आज छठी मैया और भगवान भास्कर को नमन किया गया है। सोमवार सुबह सूर्य के उदय होने के साथ ही व्रती दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे।…

पटना, 15 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को पूरा बिहार छठमय नजर आया। राज्यभर में व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अपने आवास पर छठ पूजा की और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर तथा छठी मैया को नमन किया।

इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि आज छठी मैया और भगवान भास्कर को नमन किया गया है। सोमवार सुबह सूर्य के उदय होने के साथ ही व्रती दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा है कि हम अस्त होते हुए सूर्य को भी नमन करते हैं और उदय होने वाले सूर्य की भी उपासना करते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की संस्कृति और लोक आस्था का यह महापर्व पूरे धूमधाम से मनाया जा रहा है। बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले बिहारवासी भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं। यह पर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने छठ की विशेषता बताते हुए कहा कि यह स्वच्छता, शुद्धता, पवित्रता और अनुशासन के साथ मनाया जाने वाला पर्व है। प्रकृति की इससे बड़ी पूजा शायद कहीं नहीं होती होगी। भगवान सूर्य के साथ-साथ गंगा मैया और प्रकृति की पूजा करने में बिहार सबसे अग्रणी राज्य है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि हमारी संस्कृति, प्रथा और परंपराएं आज हमें गौरवान्वित महसूस कराती हैं। छठ महापर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता और अनुशासित जीवन का संदेश देता है। यह ऐसा पर्व है जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ श्रद्धा और समर्पण के साथ शामिल होते हैं।

उल्लेखनीय है कि 4 दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। रविवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर संध्या अर्घ्य दिया गया। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन हो जाएगा।

–आईएएनएस

एमएनपी/एसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.