नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने हवलदार इंस्ट्रक्टर के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत कुल 122 पद भरे जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया 1 मई से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 1 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा तिथि बाद में घोषित की जाएगी। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले बीपीएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी जानकारी जरूर जांच लें।
सभी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपए तय किया गया है। फीस का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग, आईएमपीएस, कैश कार्ड या मोबाइल वॉलेट के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।
इस भर्ती के लिए भारतीय नागरिक होना जरूरी है। पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर सभी उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार का 1 अगस्त 2025 तक इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा पास होना अनिवार्य है।
आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 18 वर्ष (सभी वर्ग) होनी चाहिए। वहीं, सामान्य वर्ग पुरुष की अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग महिला की अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। बीसी/ईबीसी पुरुष व महिला के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष रखी गई है। एससी/एसटी पुरुष व महिला के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है।
इसके अलावा, बिहार के सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी, यदि उन्होंने कम से कम 3 साल की सेवा पूरी की हो। भूतपूर्व सैनिकों को 3 वर्ष के साथ सेवा अवधि के बराबर अतिरिक्त छूट मिलेगी, बशर्ते उनकी उम्र 57 वर्ष से अधिक न हो।
हवलदार इंस्ट्रक्टर के 122 पदों में श्रेणीवार सीटें तय की गई हैं। सामान्य के लिए 48, ईबीसी के लिए 22, ईडब्ल्यूएस के लिए 12, बीसी के लिए 15, बीसी महिला के लिए 4, एससी के लिए 19, और एसटी के लिए 2 पद निर्धारित किए गए हैं।
चयन प्रक्रिया की बात करें तो उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा।
इच्छुक उम्मीदवार बीपीएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म 1 जून 2026 से पहले भरना अनिवार्य है।
–आईएएनएस
वीकेयू/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



