नई दिल्ली : भाजपा ने गुजरात में आईएसआईएस के एक संदिग्ध सदस्य की गिरफ्तारी के मामले में कांग्रेस पर आज हमले तेज कर दिए। भाजपा ने आरोप लगाया है कि पकड़ गया संदिग्ध आतंकवादी उस अस्पताल में काम करता था जिसके कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से गहरे संबंध हैं।
केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से स्पष्टीकरण मांगा है। नकवी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पटेल के वर्ष 1979 के बाद से इस अस्पताल से गहरे संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लोगों को स्पष्टीकरण देना चाहिए। उन्होंने कहा, यह महज संयोग नहीं है कि पटेल के उस अस्पताल से गहरे संबंध हैं जिसके आतंकवादियों से भी संबंध हैं। गुजरात आतंकवादी रोधी दस्ते (एटीएस) ने तीन दिन पहले दो संदिग्ध आईएस आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था।
प्राथमिकी के अनुसार, एक आरोपी कासिम टिम्बरवाला भरूच जिले के अंकलेश्वर शहर में सरदार पटेल अस्पताल में टेक्नीशियन के तौर पर काम करता था। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने कल आरोप लगाया था कि संदिग्ध आईएस आतंकवादी ने हाल ही में उस अस्पताल में काम किया था जहां पहले पटेल एक ट्रस्टी थे। नकवी ने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय सुरक्षा को राजनीति से रूपर रखा और उन्होंने दावा किया कि पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की छवि बिगाड़ने की कोशिश नहीं कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



