नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनके पौत्र व भाजपा के बंगाल इकाई के उपाध्यक्ष चंद्र कुमार बोस ने स्तब्ध करने वाला बयान दिया। नागरिकता संशोधन कानून का नाम लिए बगैर बोस ने कहा कि राष्ट्र ‘दूसरे विभाजन’ की तरफ बढ़ रहा है।
बोस ने कहा, ‘आज देश बिखर रहा है। मैं विस्तार में नहीं जा रहा हूं। लेकिन, भारत में समुदायों के बीच एकता नहीं है।’
वह विवादास्पद कानून के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ उनके दादा की तरह की शख्सियत ही भारत को विघटित होने से बचा सकती है।
बोस ने कहा, ‘इसलिए अगर आप नेताजी को आगे नहीं करते हैं तो देश बिखरेगा और फिर से विभाजन होगा। यह बहुत स्पष्ट संदेश हैं, जिसे मैं प्रधानमंत्री को देना चाहूंगा।’
यह बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा ने शाहीन बाग को ‘शेम बाग’ बताया है। दिल्ली में शाहीन बाग सीएए विरोध का केंद्र बन गया है। भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने कहा,’शाहीन बाग ‘शेम बाग’ बन चुका है।’
इससे पहले बोस ने सीएए में मुस्लिमों के शामिल करने का समर्थन किया था। इस पर गृह मंत्री अमित शाह विचार करने से कई बार इनकार कर चुके हैं।
इससे कुछ दिन पहले भाजपा के सहयोगी शिरोमणि अकाली दल ने भी नागरिकता संशोधन अधिनियम में मुस्लिमों को शामिल करने की मांग की और दिल्ली चुनावों से दूरी बना ली।


Download Android App
Download iOS App



