लोकसभा चुनाव : कांग्रेस में शामिल हुए भाजपा के शत्रुघ्न सिन्हा

Summary :

शत्रुघ्न सिन्हा पिछले लोकसभा चुनाव में पटना साहिब से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते थे। हालांकि, उन्होंने पिछले कुछ वर्षों से बागी रुख अख्तियार कर रखा था।

बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए और वह पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला तथा कुछ अन्य नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस में शत्रुघ्न सिन्हा का स्वागत करते हुए वेणुगोपाल ने कहा, ” सिन्हा एक बेहतरीन नेता हैं। पहले गलत पार्टी में थे, अब सही पार्टी में आये हैं। हम उनका स्वागत करते हैं। चुनाव में इससे वे ताकतें और मजबूत होंगी जो भारत की एकजुटता के लिए लड़ रही हैं।”

कांग्रेस के बिहार प्रभारी गोहिल ने कहा, ”जब कोई झूठ बोलता है तो सिन्हा कहते हैं खामोश, लेकिन जब सच बोलने की बात आती है तो वह खामोश नहीं हो सकते हैं। वह स्टार प्रचारक के रूप में देश में घूमेंगे। इससे हमें फायदा होगा।”

Shatrughan Sinha

रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ” वैचारिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक रूप से सिन्हा का लगाव कांग्रेस की विचारधारा से रहा है। वह अपनी बेबाक शैली, सत्य बोलने, सत्ता को सच का आईना दिखाने के संकल्प, छोटों को स्नेह और अपने से बड़ो को आदर देने वाले व्यक्ति हैं।”

कांग्रेस में शामिल होने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने शनिवार को दावा किया कि भाजपा में लोकतंत्र को तानाशाही बदल दिया गया जिसकी वजह से उन्हें इस पार्टी से अलग होना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस बार पटना साहिब से वह पिछली बार से ज्यादा वोटों से जीतेंगे।

शत्रुघ्न सिन्हा ने गत 28 मार्च को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी और उसी समय उनका पार्टी में शामिल होना लगभग तय हो गया था। उसके बाद उन्होंने खुद तय किया था कि वह नवरात्र की शुरुआत में 6 अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होंगे। शत्रुघ्न पिछले लोकसभा चुनाव में पटना साहिब से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते थे। हालांकि, उन्होंने पिछले कुछ वर्षों से बागी रुख अख्तियार कर रखा था।

पिछले दिनों भाजपा ने उनकी जगह कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को पटना साहिब से अपना उम्मीदवार घोषित किया। हाल के कुछ महीनों में शत्रुघ्न सिन्हा ने कई मौकों पर कांग्रेस अध्यक्ष की तारीफ की है। उन्होंने कांग्रेस के न्यूनतम आय योजना (न्याय) के चुनावी वादे को ‘मास्टर स्ट्रोक’ बताया था।

भारी मन से भाजपा को कह दिया अलविदा 

इससे पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट कर कहा था कि वे भारी मन और गहरी वेदना से सूचित कर रहे हैं कि उन्होंने अपनी पुरानी पार्टी भाजपा को अलविदा कह दिया है और इसका कारण हम सभी को पता है। शत्रुघ्न ने कहा कि बड़ा संयोग है कि आज ही भाजपा का स्थापना दिवस भी है।

उन्होंने कहा कि उन्हें किसी से कोई नाराजगी या आपत्ति नहीं है क्योंकि वे हमारे परिवार के जैसे थे और वे भाजपा में भारत रत्न नानाजी देशमुख, अटल बिहारी वाजपेयी, उनके दोस्त गाइड और गुरु लाल कृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में पले बढ़े है।

shatrughan tweet

शत्रुघ्न सिन्हा के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने पर बेटी सोनाक्षी ने दिया बड़ा बयान

Desk Team