मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के कुर्ला स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में हुई मारपीट की घटना के बाद अब अवैध मदरसे का मुद्दा गरमा गया है। भाजपा के पूर्व सांसद डॉ. किरीट सोमैया ने इस मामले में बीएमसी के एल वार्ड के सहायक आयुक्त अनिल जाधव को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
किरीट सोमैया ने 23 नवंबर को लिखे अपने पत्र में 20 नवंबर को प्रमोद महाजन गार्डन में हुई मारपीट की घटना का हवाला दिया है। इस मामले में एफआईआर का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया है कि 8 मुस्लिम किशोरों ने सौरभ और नेहा के साथ मारपीट की थी। सोमैया का आरोप है कि गार्डन के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अवैध रूप से रास्ता बनाया गया है। इसी रास्ते से युवक गार्डन में दाखिल हुए थे। उन्होंने यह भी दावा किया है कि ये युवक गार्डन से सटे एक कथित अनाधिकृत मदरसे से आए थे।
भाजपा नेता ने बीएमसी से मांग की है कि संबंधित मदरसे के निर्माण और उसकी वैधता की जांच की जाए। साथ ही गार्डन की दीवार तोड़कर बनाए गए रास्ते और प्रवेश द्वार की भी जांच कराई जाए। किरीट सोमैया ने बीएमसी प्रशासन से पूरे मामले में जांच कर नियमों के मुताबिक कार्रवाई करने की मांग की है।
बता दें कि शनिवार को पुलिस ने बताया था कि एक चौंकाने वाली घटना में मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स मॉल के पास एक म्युनिसिपल पार्क में आठ नाबालिगों ने एक युवक और युवती पर हमला कर दिया। उस समय वे दोनों तस्वीरें ले रहे थे। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया ने दावा किया था कि मुंबई को एक ‘मुस्लिम शहर’ में बदलने की ‘साजिश’ रची जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को हुई।
घाटकोपर पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर कानून के दायरे में आने वाले इन आठ नाबालिगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि इन नाबालिगों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (किशोर न्याय बोर्ड) के सामने पेश करने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
–आईएएनएस
एसडी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



