शिमला, 23 नवंबर (आईएएनएस)। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। 27 नवंबर के बाद दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी, वहीं बिलासपुर और मंडी के कुछ हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा ने कहा, “बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहा है। अगर इसी दौरान तापमान की बात करें, तो कुछ क्षेत्रों, विशेषकर लाहौल-स्पीति जिले, नारकंडा, भुंतर, कल्पा और केलांग में दिन के तापमान सामान्य से लगभग 3-4 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किए गए। हालांकि, बाकी क्षेत्रों में दिन के तापमान सामान्य के आसपास ही दर्ज किए गए।”
उन्होंने कहा कि कुछ स्टेशनों की बात करें तो प्रदेश का सबसे अधिक तापमान ऊना में 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद हमीरपुर, मंडी और बिलासपुर में 26 डिग्री के आसपास अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। शिमला में 18 डिग्री और सोलन में 21 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर अधिकतम तापमान अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य के आसपास बना हुआ है।
संदीप शर्मा ने कहा कि जहां तक न्यूनतम तापमान का सवाल है, जो प्रातःकाल रिकॉर्ड किया जाता है, वह कुछ स्थानों पर शून्य से नीचे दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान केलांग में माइनस 2 डिग्री सेल्सियस और ताबो में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान लगभग 5.5 डिग्री, सुंदरनगर में 5 डिग्री और बिलासपुर में लगभग 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी ने कहा कि अगर आगामी पूर्वानुमान की बात करें, तो 23 नवंबर से लेकर 28 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। आज भी सुबह के समय बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास के क्षेत्रों, मंडी जिले की बल्ह घाटी और सुजानपुर (हमीरपुर) क्षेत्र में कहीं-कहीं घने से मध्यम कोहरे की सूचना मिली है।
उन्होंने कहा कि अलर्ट के तौर पर आगामी तीन दिनों में इन्हीं क्षेत्रों में घने कोहरे की संभावना बनी हुई है। बाकी प्रदेश में किसी बड़े मौसम संबंधी अलर्ट की संभावना नहीं है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा सकता है। हालांकि 27 नवंबर के बाद दिन के तापमान में पूरे प्रदेश में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
संदीप शर्मा ने कहा कि वर्तमान में पोस्ट-मॉनसून सीजन चल रहा है और हिमाचल प्रदेश शीत ऋतु की ओर बढ़ रहा है। पोस्ट-मॉनसून और सर्दियों के दौरान वर्षा और हिमपात मुख्य रूप से पश्चिमी विक्षोभ के कारण होते हैं। जब भी कोई पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होता है, तभी प्रदेश में वर्षा या हिमपात की संभावना बनती है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल अगले सात दिनों तक किसी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना नहीं है। इसी कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। साथ ही उत्तर-पश्चिमी दिशा से आने वाली शुष्क एवं ठंडी हवाएं पूरे प्रदेश में प्रभावी हैं। इन्हीं कारणों से मौसम शुष्क बना हुआ है। चूंकि प्रदेश अब शीत ऋतु की ओर बढ़ रहा है, इसलिए सूर्यास्त के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आना और ठंड का अधिक महसूस होना एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है।
मौसम विज्ञानी ने कहा कि जहां तक कोहरे की बात है, जिला मंडी की बल्ह घाटी, सुंदरनगर क्षेत्र, बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास के इलाके और सुजानपुर में ब्यास नदी के आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से कोहरा रिकॉर्ड किया जा रहा है। आगामी तीन दिनों में भी इन क्षेत्रों में सुबह के समय कहीं-कहीं घना से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसी को देखते हुए इन क्षेत्रों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
–आईएएनएस
केके/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



